शी चिनफिंग ने छोंगछिंग के फेंगश्वुई काउंटी में भूस्खलन पर महत्वपूर्ण निर्देश दिए

Summary :

बीजिंग, 18 जुलाई (आईएएनएस)। चीन के छोंगछिंग शहर के फेंगश्वुई काउंटी की हानश्या स्ट्रीट में शुक्रवार को सुबह करीब 9:10 बजे भूस्खलन हो गया। इस हादसे में कई लोग मलबे में दब गए और लापता हो गए। इस आपदा के बाद चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) केंद्रीय समिति के महासचिव, चीनी राष्ट्रपति और केंद्रीय सैन्य आयोग के अध्यक्ष शी चिनफिंग ने घटना को गंभीरता से लिया और महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोंगछिंग के फेंगश्वुई काउंटी में हुए भूस्खलन में लापता लोगों की खोज और बचाव का काम वैज्ञानिक ढंग से संगठित किया जाए। द्वितीयक आपदाओं की रोकथाम और घायलों…

बीजिंग, 18 जुलाई (आईएएनएस)। चीन के छोंगछिंग शहर के फेंगश्वुई काउंटी की हानश्या स्ट्रीट में शुक्रवार को सुबह करीब 9:10 बजे भूस्खलन हो गया। इस हादसे में कई लोग मलबे में दब गए और लापता हो गए।

इस आपदा के बाद चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) केंद्रीय समिति के महासचिव, चीनी राष्ट्रपति और केंद्रीय सैन्य आयोग के अध्यक्ष शी चिनफिंग ने घटना को गंभीरता से लिया और महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि छोंगछिंग के फेंगश्वुई काउंटी में हुए भूस्खलन में लापता लोगों की खोज और बचाव का काम वैज्ञानिक ढंग से संगठित किया जाए। द्वितीयक आपदाओं की रोकथाम और घायलों तथा आपदा के बाद की स्थिति का उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कारणों की जांच, घटना से सबक सीखने और संभावित भूवैज्ञानिक खतरों की पूरी जांच व निवारण पर भी जोर दिया।

शी चिनफिंग ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सुरक्षा कार्यों की जिम्मेदारियों को और सख्ती से निभाया जाए। निगरानी, पूर्व चेतावनी और गश्त को मजबूत किया जाए, ताकि लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने भी निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि छोंगछिंग को बचाव-राहत कार्यों, घायलों के उपचार, प्रभावित लोगों के पुनर्वास और द्वितीयक आपदाओं की रोकथाम में हर संभव मार्गदर्शन और सहायता दी जाए। सभी स्थानीय निकायों और संबंधित पक्षों की जिम्मेदारियों को और मजबूत किया जाए, संभावित जोखिमों और खतरों की व्यापक जांच की जाए तथा आपदा निवारण व राहत कार्यों को ठोस रूप से पूरा किया जाए।

शी चिनफिंग के महत्वपूर्ण निर्देशों और ली छ्यांग की आवश्यकताओं का पालन करते हुए सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और चीनी उप प्रधानमंत्री चांग कुओछिंग ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और बचाव व राहत कार्यों का मार्गदर्शन किया।

छोंगछिंग ने घटनास्थल पर खोज-बचाव, घायलों के उपचार और आगे की कार्रवाई के लिए पूरी ताकत लगा दी है। फिलहाल संबंधित कार्य जारी हैं।

18 जुलाई को चीनी राष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग ने जानकारी दी कि उसने छोंगछिंग के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सेवा सुविधाओं के आपदा के बाद आपातकालीन पुनर्निर्माण तथा राहत कार्यों के लिए केंद्रीय बजट से 3 करोड़ युआन आवंटित किए हैं।

वहीं, चीनी वित्त मंत्रालय और आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने भी उसी दिन केंद्र सरकार के प्राकृतिक आपदा राहत कोष से 5 करोड़ युआन की तत्काल राशि जारी की। इसका उद्देश्य छोंगछिंग में भूस्खलन के बाद बचाव एवं राहत कार्यों को तेज करना और प्रभावित लोगों की सहायता करना है। यह राशि लोगों की खोज एवं बचाव, जोखिमों को कम करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने, द्वितीयक आपदाओं के खतरे की जांच, प्रभावित लोगों के स्थानांतरण एवं पुनर्वास, तथा क्षतिग्रस्त या ढही हुई आवासीय इमारतों की मरम्मत जैसे कार्यों पर खर्च की जाएगी, ताकि आपदा से होने वाले नुकसान और जनहानि को अधिकतम सीमा तक कम किया जा सके।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk