बीजिंग, 31 मई (आईएएनएस)। रूस की संघ परिषद की अध्यक्ष वैलेंटिना मात्वियेन्को और स्टेट ड्यूमा के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोडिन के निमंत्रण पर चीनी राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा की स्थायी समिति के अध्यक्ष चाओ लची ने 27 से 30 मई तक रूस की आधिकारिक मैत्रीपूर्ण यात्रा की।
यात्रा के दौरान उन्होंने मॉस्को में मात्वियेन्को और वोलोडिन के साथ अलग-अलग वार्ताएं कीं तथा चीन-रूस संसदीय सहयोग समिति की 11वीं बैठक में भाग लिया।
मात्वियेन्को और वोलोडिन के साथ अपनी अलग-अलग बैठकों में चाओ लची ने कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के रणनीतिक मार्गदर्शन में नए युग के लिए चीन-रूस व्यापक रणनीतिक समन्वय साझेदारी लगातार उच्च स्तर पर विकसित हो रही है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में राष्ट्रपति पुतिन ने चीन की सफल राजकीय यात्रा की, जिसके दौरान दोनों नेताओं ने गहन, मैत्रीपूर्ण और फलदायी वार्ता की। दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने व्यापक रणनीतिक समन्वय को और मजबूत करने तथा पड़ोसी देशों के बीच मैत्रीपूर्ण सहयोग को गहरा करने संबंधी एक संयुक्त बयान पर भी हस्ताक्षर किए।
चाओ लची ने कहा कि चीन-रूस संबंध अब अधिक सक्रिय और तेज विकास के एक नए चरण में प्रवेश कर चुके हैं। चीन, रूस के साथ मिलकर दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमतियों को पूरी तरह लागू करने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि चीन-रूस रणनीतिक समन्वय साझेदारी की स्थापना की 30वीं वर्षगांठ तथा दोनों देशों के बीच सद्भावनापूर्ण पड़ोसी और मैत्रीपूर्ण सहयोग संधि पर हस्ताक्षर की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर चीन पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाने, रणनीतिक पारस्परिक विश्वास को मजबूत करने और आपसी लाभ वाले सहयोग को गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि द्विपक्षीय संबंधों का उच्च-स्तरीय विकास जारी रह सके।
वैलेंटिना मात्वियेन्को ने कहा कि दोनों राष्ट्राध्यक्षों के नेतृत्व में रूस-चीन संबंध इतिहास के सर्वोत्तम स्तर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि रूस की संघ परिषद नए युग में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक समन्वय साझेदारी को आगे बढ़ाने और दोनों देशों की जनता के बीच मित्रता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चीनी राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा के साथ आदान-प्रदान बढ़ाने तथा व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संस्कृति, परिवहन और स्थानीय सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को कानूनी समर्थन प्रदान करने की इच्छा व्यक्त की।
व्याचेस्लाव वोलोडिन ने कहा कि रूस-चीन संबंध 21वीं सदी में प्रमुख देशों के संबंधों का एक आदर्श उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि रूस और चीन के बीच मैत्रीपूर्ण सहयोग को बढ़ावा देना स्टेट ड्यूमा की सभी राजनीतिक पार्टियों के बीच साझा सहमति है।
वोलोडिन ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के विधायी निकायों के बीच आदान-प्रदान और अनुभव साझा करने को और मजबूत करने की आशा व्यक्त की। उन्होंने दोहराया कि रूस एक-चीन सिद्धांत का दृढ़ता से समर्थन करता है और द्वितीय विश्व युद्ध की विजय से प्राप्त उपलब्धियों की रक्षा के लिए चीन के साथ बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने का इच्छुक है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
डीकेपी/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App


