जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति का मुद्दा एक बार फिर प्रकाश में आया है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के दृढ़ संकल्प से ही जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का समापन और राम मंदिर का भव्य निर्माण संभव हो पाया है।
मौर्य ने गुरूवार को यहां बांगरमऊ सीट पर हो रहे उपचुनाव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यदि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार न बनी होती तो आज ना तो अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होने का मार्ग प्रसस्त होता और ना ही कश्मीर से धारा 370 समाप्त होती। कश्मीर में जमीन खरीदने की आप सब की इच्छा भी पूरी न होती। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दृढ़ संकल्प से ही यह सब संभव हो सका है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्य के आधार पर यहां दोबारा कमल ही खिलेगा। उन्होंने कहा कि उन्नाव की पावन धरती जहां सूर्यकांत त्रिपाठी निराला व चंद्रशेखर आजाद जैसे महान विभूतियों ने जन्म लिया है। यहां बांटो और राज करो की नीति नहीं चलने वाली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का नारा सबको स्थान-सबको सम्मान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी जी साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज बिना भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंच रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी(सपा), बहुजन समाज पार्टी( बसपा) और कांग्रेस तीनों अराजकता के प्रतीक हैं। इन तीनों को उखाड़ फेंकने में ही भलाई है।
उन्होंने पूछा कि यदि देश और प्रदेश में कमल न खिलता तो क्या अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होता। कश्मीर से धारा 370 क्या समाप्त हो पाती। आप लोग कश्मीर में जमीन खरीद सकते। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव हुआ जब केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार बनी।
उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां सभी को मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि अभी राज्यसभा में भी पार्टी कार्यकर्ताओं को ही प्रत्याशी बनाया है। सपा सरकार में निर्मित आगरा एक्सप्रेस वे सिर्फ खास लोगों के लिए है। इससे आम आदमी का कोई लेना देना नही। कार्यक्रम को प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेश पाठक, मोहसिन रजा, क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा, बीजेपी जिला अध्यक्ष राज किशोर रावत ने भी संबोधित किया।