पटना, (पंजाब केसरी) : बिहार जन संवाद (वर्चुअल रैली )कार्यक्रम का आयोजन दीघा विधान सभा के अन्तर्गत पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित सिटी पैलेस में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया एवं भाजपा पटना महानगर अध्यक्ष अभिषेक कुमार थे। केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोगों को संबोधित किया। मौके पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज का भारत कांग्रेस के समय का भारत नहीं है, आज केन्द्र में नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली भाजपा की मजबूत सरकार है जो किसी भी परिस्थिति में देश के संप्रभुता और अखंडता के साथ कोई समझौता नहीं कर सकती है और देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जबाव देने में पूरी तरह से सक्षम है।
वहीं विधायक डॉ संजीव चौरसिया ने दीघा विधानसभा में हुए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले पांच सालों के दौरान दीघा विधान सभा के अन्तर्गत अनेकों अनेक विकास के कार्य हुए है चाहे वो नकटा दियारा में बिजली पहुंचाने का कार्य हो या विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में जल निकासी का कार्य हो, अनीसाबाद क्षेत्र के रोड़ का कार्य होए आप सभी विधानसभा वासी अपने सुख दुख में मुझे अपने साथ खड़ा पाएंगे। मीडिया प्रभारी जय प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में जूम, फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से हजारों की संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासियों ने शिरकत किया। मंच का संचालन भाजपा पटना महानगर महामंत्री मनोज सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन भाजपा पटना महानगर के पूर्व अध्यक्ष सीताराम पांडेय ने उपस्थित लोगों को शपथ दिला कर किया। मौके पर भाजपा पटना महानगर उपाध्यक्ष दीपू चंद्रवंशी, कोषाध्यक्ष निशांत कुशवाहा मीडिया प्रभारी जय प्रकाश प्रवक्ता रविन्द्र यादव, शैलेश महाजन सोशल मीडिया एवं आई टी संयोजक विकास कुमार आदि उपस्थित थे।