प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 71वां जन्मदिन है। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) देश के अलग-अलग हिस्सों में कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं। इस खास मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ‘सेवा और समर्पण अभियान’ की शुरुआत की। सात अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में पार्टी कार्यकर्ता हर गांव-घर तक पहुंच कर संपर्क व संवाद और सेवा कार्य करेंगे।
अभियान की शुरुआत करते हुए जेपी नड्डा ने कहा, मैं प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देता हूं, BJP हमेशा PM के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाती आई है, उनके नेतृत्व में BJP का मूल्यमंत्र ‘सेवा ही संगठन’ बना है। मुझे प्रसन्नता है कि आज BJP ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा और समर्पण अभियान’ की शुरुआत की है।
अभियान के तहत 17 से 20 सितंबर तक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। चिकित्सा प्रकोष्ठ इसका समन्वय करेगा। युवा मोर्चा कार्यकर्ता रक्तदान शिविर आयोजित करेंगे जबकि अनुसूचित मोर्चा और पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ता गरीब बस्तियों में फल व अन्य वस्तुओं का वितरण करेंगे।
इसी अभियान के तहत किसान मोर्चा द्वारा किसान सम्मान दिवस का आयोजन करते हुए 71 किसानों और 71 जवानों को सम्मानित किया जाएगा। कोरोना काल में सेवा कार्य करने वाली 71 महिलाओं को सम्मानित करने का कार्य महिला मोर्चा करेगा। मोर्चों और प्रकोष्ठों को इस अभियान में अलग अलग जिम्मेदारी दी गई है।