पूर्वी दिल्ली : आजादी की लड़ाई के दौरान राजनीति का मतलब देश के लिए कुछ देना था लेकिन अब राजनीति का मतलब देश से कुछ लेना हो गया है। यह कहना है आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय का। उन्होंने कहा कि आप देश में देने वाली राजनीति परंपरा को पुनर्जीवित कर रही है। हमारे इसी प्रयास के साथ कई लोग जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे प्रयास के कारण ही दिल्ली वालों ने हमें 70 में से 67 सीटें दी थीं। उन्होंने कहा कि आप सरकार के काम से प्रभवित होकर कई कांग्रेसी नेता आप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार दिल्ली के विकास के लिए दिन रात काम कर रही है।
आप में शामिल हुए कांग्रेसी… आप सरकार के काम से प्रभावित होकर रोहतास नगर विधानसभा में एक समारोह के दौरान मंत्री गोपाल राय, उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा प्रभारी दिलीप पाण्डेय और रोहतास नगर विधायक सरिता सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता आप में शामिल हुए। इस मौके पर दिलीप पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस पिछले चार चुनाव में बुरी तरह परास्त हुई है। उसके एक भी प्रत्याशी नहीं जीते। तीसरे नंबर पर आई और जमानत जब्त हुई।
2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस कितनी भी मेहनत कर ले, एक भी सीट नहीं जीत पाएगी। लेकिन पूरी कोशिश करके वह भाजपा को ही फायदा पहुंचाएगी। यही कारण है कि उनके कार्यकर्ता कांग्रेस को छोड़ रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस नेता सुदेश चौधरी सहित अन्य आप में शामिल हुए।