कर्नाटक के मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद बी. एस. येदियुरप्पा पहली बार मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। पहले चरण में 17 विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। येदियुरप्पा के 26 जुलाई को मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके मंत्रिमंडल का यह पहला विस्तार होगा।
उन्होंने 29 जुलाई को विधानसभा में अपनी सरकार का बहुमत साबित किया था। बीस दिनों तक एक सदस्यीय मंत्रिमंडल के साथ सरकार चलाने के बाद मुख्यमंत्री ने 20 अगस्त को उसका विस्तार करने के लिए शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मंजूरी हासिल की।
राज्यपाल वजुभाई वाला मंगलवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे राजभवन में नये मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे। इनमें गोविंद करजोल, अश्वथ नारायण सी. एन., लक्ष्मण सावदी, के. एस. ईश्वरप्पा, आर. अशोक, जगदीश शेट्टार, बी. श्रीरामुलु और एस. सुरेश कुमार, वी. सोमन्ना, सी. टी. रवि, बसवराज बोम्मई, कोटा श्रीनिवास पुजारी, जे. सी. मधु सीमी, सी. सी. पाटिल, एच. नागेश, प्रभु चौहान और शशिकला जोले अन्नासाहेब आदि शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को कैबिनेट में शामिल करने के लिए 17 मंत्रियों की एक आधिकारिक सूची भेजी है, और उनसे नए मंत्रियों को शपथ दिलाने का अनुरोध किया है। आंतरिक दबाव के बीच विपक्षी कांग्रेस और जद (एस) ने भी मंत्रिमंडल विस्तार में देरी को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा और सरकार के ‘‘अस्तित्व’’ पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस ने दावा किया था कि येदियुरप्पा का एक सदस्यीय मंत्रिमंडल ‘‘राष्ट्रपति शासन ’’ जैसा लगता है।