दिल्ली की वायु गुणवत्ता में एक दिन के सुधार के बाद आज फिर गंभीर श्रेणी में पहुंच गयी। वहीं न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि हुई और यह 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम के हिसाब से सामान्य है।
एक हफ्ते से अधिक समय तक ‘गंभीर’ श्रेणी में रहने के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सोमवार को कुछ सुधार हुआ था, लेकिन आज मंगलवार को फिर एक्यूआई गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपने पूवार्नुमान में भविष्यवाणी की थी कि तेज हवाओं के कारण राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण के स्तर में सुधार हो सकता है, जबकि आसमान भी पूरे दिन साफ रहेगा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, आनंद विहार में सुबह नौ बजे तक एक्यूआई 300, अशोक विहार 283, श्री अरबिंदो मार्ग 265, पंजाबी बाग 311, मंदिर मार्ग 271, आईजीआई एयरपोर्ट 230, लोधी रोड 241 और रोहिणी 288 था।सुबह आठ बजे जेएलएन स्टेडियम में एक्यूआई 206, लोधी रोड 159, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम 214, आर.के. पुरम 219, पीजीडीएवी कॉलेज 180, मदर डेयरी प्लांट पटपड़गंज 214 रहा।
शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’ माना जाता है, 51 और 100 ‘संतोषजनक’, 101 और 200 ‘मध्यम’, 201 और 300 ‘खराब’, 301 और 400 ‘बहुत खराब’, और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’।
न्यूनतम तापमान में वृद्धि
दिल्ली में न्यूनतम तापमान में मंगलवार को आंशिक वृद्धि हुई और यह 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 17 नवंबर को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के हिसाब से सबसे कम न्यूनतम तापमान था। 2020 में नवंबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23 नवंबर को 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय के अनुमान के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।