बिहार में वज्रपात से 12 की मौत, 4 लाख की सहायता राशि का ऐलान

Summary :

खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील

बिहार में वज्रपात की घटनाओं से 12 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील की है। बक्सर, पश्चिम चम्पारण, कटिहार, कैमूर, लखीसराय और सीतामढ़ी में मौतें हुई हैं।

बिहार में पिछले चौबीस घंटे में हुई वज्रपात की घटना में कई लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की। सीएमओ बिहार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “पिछले 24 घंटों के दौरान वज्रपात की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में बक्सर में 4, पश्चिम चम्पारण में 3, कटिहार में 2, कैमूर, लखीसराय और सीतामढ़ी में 1-1 लोगों की मृत्यु हुई है। इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। आपदा की इस घड़ी में नीतीश कुमार शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि मृतकों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।”

सीएमओ ने आगे लिखा, “नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अत्यंत सतर्क रहें। वज्रपात से बचाव हेतु आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए निर्देशों का पालन करें। खराब मौसम में यथासंभव घरों के भीतर रहें और स्वयं तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखें।”

बिहार में दिव्यांग और वृद्धजन घर बैठे कर सकेंगे मतदान, निर्वाचन आयोग देगी ‘ई-वोटिंग’ की सुविधा

बता दें कि सोमवार को बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र चौसा और राजपुर थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से चार की मौत हो गई है, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज बक्सर सदर अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा में गंगा नदी के तट पर लगभग आधे दर्जन लोग बैठे हुए थे। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी जिसके चपेट में सभी बैठे लोग आ गए। सभी मृतक मजदूर वर्ग से आते हैं। पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने से बिहार में 12 जानें जा चुकी हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.