बिहार के सारण जिले में बनियापुर थाना क्षेत्र के पिठौरी नंदलाल टोला में मवेशी चोरी के आरोप में तीन लोगों की पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने आज सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने आज यहां बताया कि एक पिकअप वैन में सवार होकर तीन चोर कल देर रात पिठौरी नंदलाल टोला निवासी बूढा राय के घर से मवेशी की चोरी करने पहुंचे थे।
आहट सुनकर बूढा राय अपने घर से निकल कर शोरगुल करने लगा। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों ने दो चोरों को पकड़ कर उनकी जमकर पिटाई कर दी।
इस घटना में दोनो की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य चोर की अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत हो गई।
श्री राय ने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। वहीं, कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस की लगातार जारी छापेमारी में सात नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि शेष अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


Download Android App
Download iOS App



