पटना में उड़ीं प्रशासन की धज्जियां, बाइक सवारों ने दिनदहाड़े की फायरिंग, वायरल हो रहा वीडियो

Summary :

पटना में बाइक सवारों की फायरिंग से दहशत का माहौल

पटना के बोरिंग रोड पर बाइक सवार युवकों द्वारा दिनदहाड़े की गई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है, और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छह पुलिसकर्मियों को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है।

Patna Viral Video: देश में आए दिन कई हैरान कर देने वाले वीडियो अक्सर ही वायरल होते रहते हैं. इस बीच पटना के बोरिंग रोड चौराहे के पास एक चलती बुलेट मोटरसाइकिल से की गई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. इस वीडियो में दो युवक नजर आ रहे हैं, जिनमें से एक बाइक चला रहा है, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक अचानक पिस्तौल निकालकर व्यस्त बाजार क्षेत्र में दो बार गोली चलाता है. यह सीन देखकर लोग दहशत में हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बताया जा रहा है कि ये युवक सिर्फ बोरिंग रोड तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जेपी गंगा पथ सहित अन्य इलाकों में भी इसी तरह की फायरिंग की घटनाओं में शामिल हैं. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस की ओर से हुई कार्रवाई

पटना के एसएसपी अवकाश कुमार ने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि बोरिंग कैनाल रोड पर कुछ अज्ञात युवकों ने एसयूवी से हवा में कई राउंड फायरिंग की थी.

उस समय अतिरिक्त एडीजी (कानून व्यवस्था) पंकज दाराद भी वहां से गुजर रहे थे, जो संयोगवश एक बैठक से लौट रहे थे. हालांकि वायरल वीडियो पर पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.

सोशल मीडिया पर लोगों के आए कमेंट्स

ये वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @Mukesh_Journo नाम की आईडी से शेयर किया गया है. जिसे देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. आम नागरिकों का कहना है कि अगर इतना भीड़भाड़ वाला इलाका भी सुरक्षित नहीं रहा, तो आमजन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है.

इस बीच एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, “यह पटना का बोरिंग रोड है, जहां शाम के समय ट्रैफिक और भीड़ बहुत ज्यादा होती है. ऐसे में खुलेआम गोलियां चलाना बहुत ही भयावह है. सरकार को अब इस तरह की घटनाओं पर सख्त कदम उठाने चाहिए. लगता है जैसे फायरिंग अब आम बात होती जा रही है.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।