बिहार में महिला से हैवानियत, गैंगरेप कर अर्धनग्न अवस्था में बिजली पोल पर लटकाया

Summary :

महिला को पोल से उतारकर लोग इलाज के लिए दलसिंहसराय ले गए जहां उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां घर से शौच के लिए निकली एक महिला के साथ गैंगरेप की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं अपराधियों ने मरणासन्न अवस्था में महिला को बिजली के पोल पर फंदे से लटका दिया। सुबह लोगों की फंदे पर नग्न अवस्था में लटकी महिला पर नजर पड़ी, तब मामला सामने आया।
लोग महिला को पोल से उतारकर इलाज के लिए दलसिंहसराय ले गये जहां उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शक के आधार पर शादी समारोह में टेंट और साउंड का काम करने वाले 7 लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है, जिनसे विभूतिपुर पुलिस पूछताछ कर रही है।

बाराबंकी में पुजारी की धारदार हथियार से हत्या, सोते समय सिर पर किए गए कई वार

जानकारी के मुताबिक, महिला के घर में शादी समारोह था, इसलिए घर के सभी लोग व्यस्त थे। मंगलवार तड़के सुबह महिला जब शौच करने के लिए घर से निकली तो कथित तौर पर टेंट बाजा में काम करने वाले महिला का पीछा करने लगे। जब महिला चौर में पहुंची तो सभी ने हमला बोल दिया। महिला के गहने और कपड़े जबरन उतारना शुरू कर दिया।
महिला ने जब शोर मचाना चाहा तो उसके साथ मारपीट और सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला जब बेहोश हो गई तो उसे मरा हुआ समझकर फंदे से बिजली के पोल पर लटाकर सभी मौके से फरार हो गए। थोड़ी देर बाद जब गांव के लोगों ने देखा तो शोर मच गई। ग्रामीणों ने महिला को पोल से उतारा। महिला सदर अस्पताल समस्तीपुर में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
थानाध्यक्ष चन्द्रकांत गौरी ने बताया कि ग्रामीणों ने सात लोगों को सौंपा है। सभी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जब तक महिला होश में आकर बयान नहीं देगी इस संबंध में तब तक कुछ कहा नहीं जा सकता। रोसड़ा के डीएसपी एस. अख्तर ने कहा कि घटना की सूचना मिली है। इस मामले में सात लोगों को हिरासत में लिया गया गया है। महिला का बयान आते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Desk Team