बांका हत्याकांड: पत्नी सहित तीन गिरफ्तार, रंजिश और अवैध संबंध का खुलासा

Summary :

बांका में सिर कटी लाश का मामला सुलझा, तीन गिरफ्तार

बांका जिले के रामपुर बहियार में 11 अप्रैल को सिर कटा शव मिलने के बाद पुलिस ने 24 घंटे में मृतक की पत्नी रिंकू कुमारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। रिंकू ने अवैध संबंध और रंजिश के चलते अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या का खुलासा किया।

बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बहियार इलाके में 11 अप्रैल को विलासी नहर में सिर कटा एक शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान केन्दुआर निवासी बिहारी यादव (पुत्र स्व. गेणु यादव) के रूप में हुई। इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी रिंकू कुमारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। मृतक की पहचान उनके कपड़ों और अन्य सामानों के आधार पर की गई, जिसकी पुष्टि स्थानीय लोगों ने भी की। पुलिस अधीक्षक, बांका के निर्देश पर विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद तकनीकी निगरानी और साक्ष्य संकलन शुरू किया गया।

Bihar: नाजीरपुर में युवक को गोली मारकर सड़क पर फेंका, पुलिस जांच में जुटी

मृतक की पत्नी रिंकु कुमारी से पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। रिंकू ने बताया कि बिहारी यादव 6 अप्रैल को कोलकाता से लौटने के बाद पुनसिया पहुंचे थे। पुनसिया से इंग्लिश मोड़ तक उनकी बात हुई थी, इसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हुआ। गहन पूछताछ में रिंकू ने स्वीकार किया कि उसका गांव के कुछ पुरुषों के साथ प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी बिहारी को हो जाने पर वह उसके साथ मारपीट करने लगा और खर्च देना बंद कर दिया था।

इसी रंजिश के चलते रिंकू ने अपने दो सहयोगियों, बालेश्वर हरिजन और बिजुला देवी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। जांच में पता चला कि रिंकू की कुछ अपराधियों से जेल में मुलाकात हुई थी, जहां उसने हत्या की योजना बनाई। जेल से बाहर आने के बाद उसने बालेश्वर हरिजन को 35,000 रुपये की सुपारी देकर हत्या करवाई। 11 अप्रैल को धारदार हथियार से बिहारी यादव का गला रेतकर हत्या की गई और शव को विलासी नहर में फेंक दिया गया।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, आसूचना और गहन जांच के आधार पर रिंकू कुमारी, बालेश्वर हरिजन और बिजुला देवी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का सिर, हत्या में प्रयुक्त हथियार, रिंकू का खून से सना कपड़ा और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में तीनों ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि यह एक सुनियोजित हत्या थी, जिसमें रंजिश और अवैध संबंध मुख्य मकसद थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.