Begusarai Bus Stand Firing: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बेगूसराय! बदमाशों ने बस स्टैंड पर की 8- 10 राउंड फायरिंग, दो लोग घायल

Summary :

Begusarai Bus Stand Firing: बेगूसराय बस स्टैंड में बुधवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने 8-10 राउंड फायरिंग की। गोली लगने से मनोज पासवान और फल विक्रेता अर्जुन साह घायल हो गए। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और फायरिंग की वजह तलाश की जा रही है।

Begusarai Bus Stand Firing: बिहार के बेगूसराय में बुधवार सुबह बस स्टैंड के पास अचानक गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। नगर थाना क्षेत्र के व्यस्त बस स्टैंड में बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। इस घटना में दो लोग घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  गाछी टोला निवासी मनोज पासवान बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे घर से निकला था। वह बस स्टैंड के पास एक चाय की दुकान पर रुका हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और मनोज को निशाना बनाकर गोली चलाने लगे। एक गोली मनोज की जांघ में लगी। गोली लगने के बाद मनोज वहां से भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश करने लगा। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उसका पीछा किया और भागते हुए भी फायरिंग की।

फल बेचने वाला भी गोली की चपेट में आया

फायरिंग के दौरान फुटपाथ पर फल की दुकान लगाने की तैयारी कर रहा अर्जुन साह भी गोली की चपेट में आ गया। गोली उसके जांघ में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई। अर्जुन के बड़े बेटे अजय कुमार ने बताया कि उनके पिता करीब 20 से 25 साल से बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के बीच फुटपाथ पर फल बेचते हैं। बुधवार सुबह करीब 5:40 बजे वह दुकान लगाने के लिए घर से निकले थे। दुकान लगाने के बाद वह मंडी से फल लाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक गोलियां चलने लगीं। परिजनों का कहना है कि अर्जुन का किसी व्यक्ति से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी।

घायल मनोज ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह बस स्टैंड आया था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने अचानक उस पर फायरिंग शुरू कर दी। मनोज का कहना है कि वह दोनों हमलावरों को नहीं पहचानता। उसने पुलिस को बताया कि बदमाश लगातार उसी को निशाना बनाकर गोली चला रहे थे। इससे पुलिस को आशंका है कि फायरिंग के पीछे कोई पुराना विवाद हो सकता है।

जुआ विवाद की भी जांच

पुलिस इस मामले को एक पुराने जुआ विवाद से भी जोड़कर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि मनोज पासवान पर पहले से कुछ आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह इलाके में जुआ गतिविधियों से जुड़ा रहा है। लेकिन, पुलिस ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार को जुआ खेलने के दौरान एक युवक करीब 20 हजार रुपये हार गया था। इसके बाद घर लौटने के लिए उसने 500 रुपये मांगे, जिसको लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान मनोज और उसके साथियों ने युवक के साथ मारपीट की थी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इसी विवाद का बुधवार की फायरिंग से कोई संबंध है।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले

घटना की जानकारी मिलते ही सदर DCP प्रशांत कुमार और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। मौके से तीन खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बस स्टैंड और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में बाइक सवार दोनों संदिग्धों की तस्वीरें CCTV में दिखाई दी हैं।

पुलिस अब CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही, फायरिंग के पीछे की असली वजह और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Sitamarhi Police Encounter: दिनेश हत्याकांड में सीतामढ़ी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 3 सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और कारतूस बरामद

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।