पटना : बिहार में भारी बारिश और बाढ़ के कारण अलग-अलग घटनाओं में अब तक 97 लोगों की मौत हो चुकी है। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक बिहार में अब तक बाढ़ के दौरान डूबने और दीवार गिरने की घटनाओं में कुल 97 लोगों की की मौत हुई है तथा 10 अन्य व्यक्तियों के घायल होने की सूचना मिली है।
नदी, तालाब एवं पोखर में डूबने अथवा दीवार गिरने से 61 लोगों की मौत एवं 10 अन्य व्यक्ति के घायल होने तथा बाढ़ से डूबने के कारण 36 लोगों की मौत की सूचना मिली है। बिहार के 15 जिलों – पटना, भोजपुर, भागलपुर, नवादा, नालन्दा, खगड़िया, समस्तीपुर, लखीसराय, बेगूसराय, मुंगेर, बक्सर, कटिहार, जहानाबाद, अरवल, पूर्णियाँ जिले में बाढ़ से कुल 1410 गांव की लगभग 20.76 लाख जनसंख्या प्रभावित हुई है।
बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए 75 राहत शिविर एवं 515 सामुदायिक रसोई का संचालन किया जा रहा है। बाढ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को निकालने एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए कुल 1067 सरकारी एवं निजी नावों का संचालन किया जा रहा है। पुनपुन नदी के जल स्तर में वृद्धि के कारण पटना सदर, पुनपुन, धनरूआ, पालीगंज, सम्पतचक, नौबतपुर एवं फुलवारी शरीफ प्रखण्ड के 25 पंचायतों के अन्तर्गत कुल 53 गाँव के लगभग 87 हजार आबादी प्रभावित हुई है। कुल 41 संचालित समुदायिक रसोई के माध्यम लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है ।
पटना शहर के जल-जमाव वाले क्षेत्रों में जल निकासी के लिए पटना नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जा रही है। अब तक अधिकांश क्षेत्रों में जल निकासी की जा चुकी है। शेष क्षेत्रों में जलजमाव को खत्म करने के लिए जल की निकासी लगातार की जा रही है। पटना के जल-जमाव वाले क्षेत्रों में 80 पानी टैंकर के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की गई। पटना शहर में हाल में हुई भारी बारिश के कारण हुए जलजमाव के कारण डेंगू मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। बिहार में जनवरी से लेकर अबतक डेंगू के कुल 980 मामले सामने आए, जिनमें से 640 अकेले प्रदेश की राजधानी पटना के हैं ।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हालात से निपटने के लिए पटना शहर के सभी जलजमाव वाले क्षेत्रों में टेमीफॅास का छिडकाव किए जाने के साथ डेंगू से प्रभावित इलाकों में फागिंग किया जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए छिडकाव दलों की संख्या 24 कर दी गयी है। दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए 10, 11 एवं 12 अक्टूबर को पटना मेडिकल कालेज अस्पताल तथा नालंदा मेडिकल कालेज अस्पताल में डेंगू एवं चिकुनगुनिया के मरीजों की जांच के लिए नि:शुल्क विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है ।


Download Android App
Download iOS App



