बिहार के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 लोगों की मौत, कई घायल

Summary :

बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी पर भगदड़ मच गई। इस हादसे में कम से कम 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 8 से अधिक लोग घायल हुए हैं

सावन की तीसरी सोमवारी पर बिहार के लखीसराय जिले में अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मच गई। इस हादसे में कम से कम 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मरने वालों में महिलाओं की संख्या ज्यादा है। जबकि 12 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे थे, तभी यह हादसा हो गया।

क्यों मची भगदड़?

यह घटना अशोक धाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुई। सावन के तीसरे सोमवार पर अशोक धाम मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए कई श्रद्धालु पहुंचे जमा हुए थे। जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी हुई थी। शुरुआती जानकरी के मुताबिक, रात के समय रास्ते पर बिजली का पोल तार सहित गिर गया था। तभी श्रद्धालुओं के बीच यह अफवाह फैल गई कि एक खंभे में बिजली का करंट आ गया है। इससे लोग घबरा गए और बचने की कोशिश में अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। इसी भगदड़ में कई महिलाएं भीड़ के बीच दब गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

7 श्रद्धालुओं की मौत

सावन के तीसरे सोमवार पर लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भारी भीड़ के कारण अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें सभी महिलाओं समेत कम से कम 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मरने वालों में महिलाओं की संख्या ज्यादा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे, लेकिन एक साथ दो ट्रेनें आने और आसपास के जिलों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के अचानक पहुंच जाने की वजह से भीड़ बेकाबू हो गई। घायलों का इलाज जारी है और मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

बैरिकेडिंग टूटने से एक-दूसरे पर गिरे श्रद्धालु

इस घटना को लेकर लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार को भीड़ संभालने के लिए प्रशासन सुबह 3:30 बजे से ही मुस्तैद था। लेकिन, दो ट्रेनें एक साथ आने से अचानक बहुत ज्यादा भीड़ बढ़ गई। सुबह करीब 6:40-45 बजे भीड़ के दबाव से खेत की तरफ की बैरिकेडिंग टूट गई, जिससे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद 10-15 घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

इस घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि “लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।