Bihar Board Datesheet 2025 : बिहार बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं फरवरी में शुरू हो सकती हैं। जनवरी में प्रैक्टिकल एग्जाम लिए जा सकते हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) इस महीने कक्षा 10 और कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा की तिथियों की घोषणा कर सकती है। डेटशीट जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर जाकर सब्जेक्ट वाइज टाइम टेबल चेक कर सकेंगे।
इसी सप्ताह जारी हो सकती है डेटशीट
बता दें, सीबीएसई, सीआईएससीई, असम, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश बोर्ड ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी है। फिलहाल बिहार बोर्ड के विद्यार्थी अपनी एग्जाम डेट का इंतजार कर रहे हैं। पिछले साल बिहार बोर्ड ने कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की डेटशीट 4 दिसंबर को जारी की थी। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही कि बीएसईबी बिहार बोर्ड इस साल भी दिसंबर के पहले सप्ताह में डेटशीट जारी करेगी। बीएसईबी 10वीं, 12वीं परीक्षा का टाइम टेबल फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी शेयर करता है। दोनों कक्षाओं के लिए थ्योरी एग्जाम फरवरी और प्रैक्टिकल एग्जाम जनवरी में होने की उम्मीद है।
2024 में फरवरी में हुई थी 10वीं की परीक्षा
2024 में बीएसईबी 10वीं की बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से 23 फरवरी तक आयोजित की गई थी। बिहार बोर्ड 12वीं की अंतिम परीक्षा 01 फरवरी से 12 फरवरी तक आयोजित हुई थी। 12वीं के पेपर दो शिफ्ट में हुए थे। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दोपहर 02 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली थी। 10वीं की परीक्षा एक शिफ्ट में हुई थी।
पिछले साल 12वीं में 87.21% विद्यार्थी हुए थे पास
बीएसईबी ने 23 मार्च को 12वीं का रिजल्ट घोषित किया था। इसमें 87.21 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए थे। 10वीं की परीक्षा का रिजल्ट 31 मार्च को जारी हुआ था। उसमें 82.91 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



