बिहार बजट : राबड़ी देवी ने की सरकार से महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये देने की मांग

Summary :

बिहार बजट: राबड़ी देवी ने महिलाओं के लिए 2500 रुपये पेंशन की मांग

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने सरकार से महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये देने की मांग कर दी है। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र की सोमवार की कार्यवाही शुरू होने के पहले ही विपक्ष के विधायकों ने विधानमंडल परिसर में प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायकों ने हाथों में पोस्टर और तख्तियों लिए कहा कि इस बजट से उन्हें ज़्यादा उम्मीद नहीं है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि बिहार की महिलाओं और युवाओं के लिए क्या खास है? क्या सरकार 200 यूनिट बिजली मुफ्त देगी?

Bihar: आज पेश होगा बजट, RJD नेता तेजस्वी यादव ने की पेंशन बढ़ाने की मांग

इधर, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के तहत वृद्धा पेंशन को 1500 रुपये करना चाहिए। इसके अलावा जो गैस सिलेंडर 1200 रुपये में मिल रहा है, उसे 500 रुपये प्रति सिलेंडर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी महिलाओं को, चाहे वे किसी भी वर्ग और धर्म की हों, सरकार को 2500 रुपये प्रति महीना पेंशन देना होगा। लोगों को 200 यूनिट बिजली फ्री देना होगा। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने यह भी कहा कि सरकार बजट में जनता को भ्रमित करने का काम नहीं करेगी।

उल्लेखनीय है कि रविवार को राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी कहा था कि नीतीश कुमार का यह आखिरी बजट होगा। उससे पहले बजट में आप महिलाओं के लिए कुछ अच्छा ऐलान कर दीजिए। भले ही मेरी योजना को कॉपी कर लीजिए, लेकिन महिलाओं को 2500 रुपये हर महीने दीजिए।

उन्होंने कहा कि बजट में प्रति महीना 200 यूनिट बिजली मुफ्त कर दीजिए, क्योंकि स्मार्ट मीटर से बिहार के लोग परेशान हैं। बिहार की महिलाएं महंगाई से परेशान हैं, गैस सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध कराइए। इसके अलावा जातीय गणना के दौरान 94 लाख ऐसे लोगों की पहचान की गई है जिनकी आय 6,000 रुपये से कम है। उन्हें दो लाख रुपये देकर आर्थिक न्याय देने की बात कही गई थी। इस बजट में उसका प्रावधान कर दिया जाए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.