Bihar Cabinet Expansion: बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी के शपथ लेने के बाद अब उनके मंत्रिमंडल का विस्तार एक बड़े और भव्य आयोजन के साथ होने जा रहा है। यह समारोह पटना के गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा, जहां देश के कई बड़े नेता शामिल होंगे। मंत्रिमंडल विस्तार का कार्यक्रम गुरुवार को होगा और इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस मौके पर नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, नीतीश कुमार भी मंच साझा करेंगे। राज्यपाल सैयद अता हसनैन मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे।
Bihar Cabinet Expansion: संगठन और बैठकें
समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई थी। इसमें संगठन के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री भी शामिल हुए। नेताओं ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली सफलता के बाद शीर्ष नेतृत्व का यह बिहार दौरा बेहद महत्वपूर्ण है।
बिहार विधानसभा के हिसाब से राज्य में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 36 मंत्री हो सकते हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ जदयू के दो उपमुख्यमंत्री—विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव—मौजूद हैं। ऐसे में लगभग 30 मंत्रियों को इस विस्तार में जगह मिल सकती है।
दलों के बीच सीटों का बंटवारा
- मंत्रिमंडल में अलग-अलग दलों के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।
- संभावना है कि भाजपा के 12, जदयू के 11, लोजपा (रामविलास) के 2, और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा व राष्ट्रीय लोक मोर्चा के एक-एक सदस्य मंत्री बन सकते हैं।
- यह भी संकेत हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल के कई मंत्री दोबारा शामिल किए जा सकते हैं, हालांकि कुछ नए चेहरों को भी मौका मिलेगा।
- भाजपा की ओर से विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल और राम कृपाल यादव जैसे नेताओं के नाम चर्चा में हैं।
- जदयू से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी और लेशी सिंह के नाम सामने आ रहे हैं।
- वहीं, लोजपा (रा) से संजय कुमार, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा से संतोष कुमार सुमन और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपका प्रकाश या स्नेहलता को मौका मिल सकता है।
- राज्य सरकार में कुल 47 विभाग हैं, जिनमें से भाजपा के पास 29 विभाग हैं।
- बाकी विभाग जदयू और अन्य सहयोगी दलों के बीच बांटे गए हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों का संतुलन भी तय किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Bihar News: मुजफ्फपुर में बड़ा हादसा, कार और ट्रक की भीषण टक्कर में 4 की मौत


Download Android App
Download iOS App




