बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को होना है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव ने सभी वर्ग को साथ लेकर चलने का भरोसा देते हुए कहा कि इस चुनाव में राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की विदाई तय है।
तेजस्वी यादव ने दरभंगा शहर विधानसभा क्षेत्र के राजद प्रत्याशी अमरनाथ गामी के समर्थन में दरभंगा राज मैदान में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नीतीश सरकार सभी मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार से रोजगार, महंगाई समेत अन्य जरूरी मुद्दों पर जब भी सवाल किए जाते हैं तो जवाब देने की बजाए वह विपक्ष पर केवल झूठे आरोप और अतीत की बातें करने लग जाते हैं।
उन्होंने कहा कि राजद की सरकार बनने पर सभी लोगों को साथ लेकर राज्य का विकास करना है। उन्होंने कहा कि सवर्ण, अल्पसंख्यक, पिछड़ी जाति, अति पिछड़ी जाति, दलित या महादलित कोई भी हो राष्ट्रीय जनता दल सबको साथ लेकर चलेगी।
राजद नेता ने कहा कि यदि राज्य में महागठबंधन की सरकार बनती है तो उनके पहले हस्ताक्षर से दस लाख नौजवानों को नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में पढ़ई, कमाई, दवाई, सिंचाई और महंगाई यह मुख्य मुद्दा है। राज्य की जनता ने नीतीश सरकार की विदाई का मन बना लिया है और यह सरकार अब कुछ दिन की ही मेहमान है।
श्री यादव ने मिथिलांचल क्षेत्र की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य की अब तक की सरकारों ने मिथिलांचल को अंगूठा दिखाया है। कहीं कोई विकास का काम नहीं हुआ है। मिथिलांचल के पेपर मिल, चीनी मिल, कॉटन मिल समेत सभी कल-कारखाने बंद पड़े हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में यहां पढ़ाई के लिए लोग दूसरे राज्य जा रहे हैं। वहीं, दवाई और कमाई के लिए भी लोगों को पलायन करने की मजबूरी है।
राजद नेता ने कहा कि चुनाव के साथ ही बेरोजगारी हटाओ अभियान की भी शुरुआत की गई है। बीजेपी सबों को बांटने का काम कर रही है ताकि जाति और धर्म के नाम पर भेदभाव फैलाकर राजनीतिक फायदा लिया जा सके। उन्होंने लोगों से राजद प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।


Download Android App
Download iOS App



