न्यूनतम किराए पर राजेंद्र नगर स्टेडियम BCCI को उपलब्ध करा सकती है बिहार सरकार : नीतीश

Summary :

नीतीश ने कहा, BCCI के मानक के अनुसार सरकार मोईनुल हक स्टेडियम का जीर्णोद्धार करेगी, जिस पर 100 करोड़ रुपये की लागत आयेगी और यह खर्च प्रदेश सरकार ही वहन करेगी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार बीसीसीआई की परिकल्पना और नक्शे के अनुसार पटना स्थित राजेंद्र नगर स्टेडियम का जीर्णोद्धार कर उसे न्यूनतम किराये पर क्रिकेट संस्था को उपलब्ध करा सकती है। 
बिहार विधानसभा स्थित अपने कक्ष में नीतीश ने कहा, “प्रदेश सरकार बीसीसीआई की परिकल्पना और नक्शे के मुताबिक अपने स्तर पर पटना के राजेंद्र नगर स्टेडियम का जीर्णोद्धार कर उसे न्यूनतम किराए पर उपलब्ध करा सकती है।”
उन्होंने कहा, ‘बीसीसीआई की बिहार इकाई (बिहार क्रिकेट एसोसियेशन) चाहती है इस स्टेडियम पर उसका अधिकार हो, जो संभव नहीं है क्योंकि स्टेडियम उन्हें सौंप देने से इलाके के बच्चों के खेलने के लिए जगह नहीं बच पाएगी।” 
उन्होंने कहा, “राज्य सरकार अपनी राशि लगाकर उसे साधारण न्यूनतम किराए पर उपलब्ध करा सकती है। यह राज्य सरकार की ही संपत्ति रहेगी और इस संबंध में कला संस्कृति एवं युवा विभाग को सुझाव दे दिया है।” 
नीतीश ने कहा, “बीसीसीआई के मानक के अनुसार सरकार मोईनुल हक स्टेडियम (राजेंद्र नगर स्टेडियम) का जीर्णोद्धार करेगी, जिस पर 100 करोड़ रुपये की लागत आयेगी और यह खर्च प्रदेश सरकार ही वहन करेगी।” उन्होंने कहा कि नालंदा के राजगीर में बन रहा स्टेडियम (जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैच खेले जा सकते हैं) 600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की परियोजना है।

Desk Team