बिहार को समृद्धि की ओर ले जाना है : सम्राट चौधरी

Summary :

बजट में सभी वर्गों के लिए विशेष ध्यान: सम्राट चौधरी

बिहार के उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि बजट में सभी वर्गों, महिलाओं, किसानों, छात्रों, नौजवानों के लिए फोकस किया गया है। वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार को खटारापन से समृद्धि की ओर नीतीश कुमार के नेतृत्व में ले जाना है।

विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के बजट की आलोचना किए जाने पर उन्होंने कहा कि जिनके माता-पिता ने बिहार को खटारा बनाया था, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उस बिहार को समृद्ध बनाया। वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शाबाशी देने पर कहा कि वे पिता तुल्य हैं, बड़े भाई हैं, आशीर्वाद देते हैं, आगे भी देते रहेंगे।

इससे पहले वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बिहार विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया गया। इस बजट का आकार 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपए का है। बजट में निजी निवेश को प्रोत्साहित किया गया है, जबकि रोजगारयुक्त निवेश को बढ़ावा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि 534 में से 358 प्रखंडों में अंगीभूत राजकीय डिग्री महाविद्यालय नहीं हैं। इन प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से एक-एक सरकारी या निजी डिग्री कॉलेज सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा निजी क्षेत्र के सहयोग से राज्य में नए निजी मेडिकल कॉलेज संचालित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पीपीपी मोड के आधार पर नए सरकारी मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। राज्य के बड़े अनुमंडलों में अस्पताल के अतिरिक्त एक नए रेफरल अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बजट में की गई घोषणाओं की भी चर्चा की।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.