बिहार के गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अपराधियों ने जदयू नेता महेश मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात अपराधियों ने महेश मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक चूड़िहारा गांव के रहने वाले थे और बेलागंज प्रखंड के जदयू महासचिव और अपने पंचायत के उपमुखिया भी थे।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
मामले की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) रवि प्रकाश सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल गठित किया गया। घटनास्थल को संरक्षित कर एफएसएल और तकनीकी टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया और पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया। पुलिस उपाधीक्षक रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि जांच के क्रम में घटना के कुछ ही घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में कामता मिश्रा, सुधीर मिश्रा और रणधीर मिश्रा शामिल हैं।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
तीनों आरोपी चूड़िहारा गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस तीनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लोगों ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उन्होंने बताया कि मृतक के साथ उनकी पुरानी दुश्मनी चल रही थी। उसी कारण बुधवार को झगड़ा हुआ और उसी आवेश में उनकी हत्या कर दी गई। स्थानीय लोग चुनावी रंजिश में हत्या की बात कह रहे हैं। पुलिस सभी कोणों से मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



