बिहार में नक्सल प्रभावित गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात नक्सलियों ने एक पुलिस चौकीदार की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को सड़क के किनारे फेंक फरार हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि रेंगनिया गांव निवासी और आमस थाना में पुलिस चौकीदार के रूप में कार्यरत राजेश्वर पासवान (45) रात में अपने घर में सोए हुए थे, तभी सशस्त्र नक्सलियों ने उनके घर में धावा बोल दिया और उन्हें उठाकर ले गए।
इसके बाद नक्सलियों ने गांव से बाहर एक नहर के समीप उनकी गोली मारकर हत्या कर दी और शव को वहीं फेंककर चले गए। सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी।
आमस के थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश सिंह ने आईएएनएस से कहा कि घटनास्थल से पुलिस ने एक हस्तलिखित नक्सली पर्चा बरामद किया है, जिसमें चौकीदार पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाते हुए घटना को अंजाम देने की चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है व पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



