बिहार के मंत्री ने डेहरी ऑन सोन में एनिकट पार्क उन्नयन का शिलान्यास किया

Summary :

मंत्री सुनील कुमार ने डेहरी ऑन सोन एनिकट पार्क के उन्नयन का शिलान्यास किया

बिहार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सुनील कुमार ने रविवार को रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित एनिकट पार्क के उन्नयन कार्य का शिलान्यास किया। परियोजना पर लगभग नौ करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि यह परियोजना न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकारों के साथ केंद्रीय बजट पर भी विस्तार से चर्चा की और कहा कि इस बार केंद्र सरकार ने बिहार के हित में नई दिशा और नए दौर का बजट प्रस्तुत किया है, जिसमें उद्योग से लेकर विकास के हर क्षेत्र को समाहित किया गया है। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने विभाग की योजनाओं को सुचारू रूप से संचालित करने की बात कही। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन लाइफ कार्यक्रम के तहत पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर चलना होगा, तभी हम एक सस्टेनेबल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।

सुनील कुमार ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन में ही शक्ति निहित है। हम सभी को संगठित होकर देश के विकास में योगदान देना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा, “साल 2014 में भारत में एक ऐसा सूरज उदय हुआ, जिसने देश और दुनिया में भारत के नाम को नई पहचान दिलाई। प्रधानमंत्री मोदी ने महज 10 वर्ष के कार्यकाल में ऐसे काम किए, जिनकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। चाहे वह अनुच्छेद 370 को हटाना हो, राम मंदिर निर्माण हो या आर्थिक सुधार।”

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं, जिन्होंने भारत को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। मंत्री ने इस दौरे पर रोहतास जिले के विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाया। साथ ही केंद्र सरकार के बजट में बिहार के लिए किए गए प्रावधानों पर भी चर्चा की।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.