Bihar: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने एक कोचिंग शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार, मृत शिक्षिका की पहचान कोमल कुमारी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि कोमल शाम को अपने भाई आदित्य कुमार के साथ एक बाइक पर कोचिंग में बच्चों को पढ़ाकर वापस अपने घर लौट रही थी, तभी तरौरा बांध के समीप अज्ञात बाइक सवार ने शिक्षिका को गोली मार दी। गोली लगते ही शिक्षिका बाइक से गिर गई। जब तक आदित्य अपनी बाइक रोककर अपनी बहन तक पहुंचता, अपराधी फरार हो गया।

मौके से फरार आरोपी
आदित्य के अनुसार, अपराधी के हाथ में चमचमाता हुआ हथियार था, जिससे उसने गोली मारी है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मुसहरी थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से परिजनों के साथ घायल युवती को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। पूरे मामले में पूछे जाने पर मुसहरी के थाना प्रभारी सुबोध कुमार मेहता ने कहा कि एक युवती को तरौरा बांध के समीप अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारी गई।

छानबीन में जुटी पुलिस
घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है, जहां उसकी मौत हो गई है। पुलिस साक्ष्य इकट्ठा कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा। उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। पुलिस इस मामले से जुड़े सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

ALSO READ: एसआईआर पर घमासान, कांग्रेस ने रामलीला मैदान में विशाल रैली का किया ऐलान


Download Android App
Download iOS App




