बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र की सोमवार को शुरूआत हो गई। इस दौरान कई विपक्षी विधायक मार्च महीने में सदन में विधायकों के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में हेलमेट और फर्स्ट एड लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे। विधायकों का कहना है कि उन्हें सदन में आने से डर लगता है, इसलिए उन्होंने हेलमेट पहन रखा है।
बिहार विधानमंडल में मानसून सत्र की शुरूआत हो गई। पांच दिन तक चलने वाले इस सत्र के पहले दिन राजद विधायक सतीश दास और मुकेश रोशन ने जहां हेलमेट पहनकर विरोध प्रदर्शन किया वहीं वामपंथी दल के कई विधायकों ने काले रंग का मास्क पहनकर विरोध किया।
हेलमेट पहनकर आए विधायक मुकेश रोशन ने कहा कि सदन में कब विधायकों के साथ मारपीट हो जाए, इस कारण सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनकर पहुंचे हैं तथा फस्र्ट एड बॉक्स भी लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि 23 मार्च को सदन में लोकतंत्र की हत्या हुई थी जब पुलिस बुलाकर विपक्ष के विधायकों को पीटा गया था।
उन्होंने कहा कि दो पुलिसकर्मियों को इस मामले में निलंबित कर दिया गया, लेकिन बड़ी मछलियों को बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि यह एक विरोध है। उल्लेखनीय है कि बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र 30 जुलाई तक चलेगा। इस छोटे सत्र के दौरान सरकार की प्राथमिकता कई विधेयकों को पास कराने की होगी तथा कई वित्तीय कार्य भी निपटाए जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



