Bihar: बक्सर में हत्या पर राजनीति शुरू, जदयू ने राजद से जोड़े तार

Summary :

बिहार में राजनीतिक घमासान: बक्सर हत्याकांड में जदयू का आरोप

बक्सर में तीन लोगों की हत्या के बाद बिहार में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। जदयू ने राजद पर आरोप लगाते हुए संतोष यादव की तस्वीर तेजस्वी यादव के साथ साझा की है, जिससे चुनावी माहौल गरमा गया है। जदयू का दावा है कि राजद अपराधियों को संरक्षण दे रहा है, इस वजह से सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस कारण हाल के दिनों में सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, एक-दूसरे को आईना दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। इस बीच, बक्सर में शनिवार को तीन लोगों की हत्या को लेकर भी अब राजनीति शुरू हो गई है।

सत्तारूढ़ जदयू ने सोशल मीडिया पर कुछ फोटो शेयर करते हुए इस मामले को लेकर राजद से सवाल किए हैं। जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने बक्सर में हत्याकांड के तार राजद से जोड़ दिए हैं।

इस मामले में कथित आरोपी संतोष यादव की राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ तस्वीर शेयर करते हुए जदयू नेता ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “इस बार कौन सी स्क्रिप्ट पढ़ेंगे तेजस्वी यादव? बक्सर पर ‘बकार’ निकालेंगे? रीतलाल पर साजिश का राग था, अब आपके ‘दुलरुआ’ अपराधी संतोष यादव ने तिवारी सिंह समेत एक ही परिवार के लोगों की हत्या कर दी — इस पर क्यों मौन व्रत? अपराधी चाहे जिसका भी दुलरुआ हो, कानून के जबड़े से नहीं बचेगा। चाहे ‘दुलरुआ’ हो या दरिंदाः बचेंगे नहीं।”

उल्लेखनीय है कि बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को अपराधियों ने सुबह अहियापुर गांव में पांच लोगों को गोलियों से भून डाला, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। ये सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं।

पुलिस के मुताबिक, सुबह लगभग पांच बजे नहर के पास विनोद सिंह, सुनील सिंह और वीरेंद्र सिंह टहल रहे थे तभी कार से कुछ अपराधी आए और गोलीबारी करने लगे। अपराधियों ने इन तीनों को गोली मार दी। इन्हें बचाने आए दो अन्य सदस्यों को भी अपराधियों ने गोली मार दी। इस मामले में मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन पर राजपुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसमें 19 लोगों को नामजद और तीन अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

प्रशांत किशोर के खिलाफ सियासी दलों के हमले तेज, BJP बोली- केजरीवाल को दूसरा रूप…

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.