बिहार की राजनीति में जातीय जनगणना का मुद्दा अभी भी सियासी उबाल ले रहा है। प्रदेश की सत्ता में बैठी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) समेत विपक्षी दल इस पर खुलकर अपना पक्ष रख रहे हैं। इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को साफ लहजे में कहा कि जातिगत जनगणना को लेकर अब जल्द ही सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी।
जातिगत जनगणना के संबंध में नीतीश ने कही यह बात
पटना में पत्रकारों द्वारा जातिगत जनगणना के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि राज्य में जातिगत जनगणना को लेकर जल्द ही सर्वदलीय बैठक बुलायी जाएगी। बैठक में सभी लोग अपनी-अपनी राय देंगे, जिसके बाद इसके लिए आगे का कदम बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक में आए सुझाव पर सरकार विचार करेगी और उसे कैबिनेट में पेश किया जाएगा।

कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद शुरू होगा काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसे तरीके से किया जाएगा और अधिकारियों को उचित निर्देश दिये जाएंगे। राजद नेता तेजस्वी से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मिलने आए थे और उन्हें सबकुछ बता दिया गया है। इस मामले में जल्द ही पहल होगी।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही तेजस्वी यादव बिहार में जातिगत जनगणना को लेकर मुख्यमंत्री से मिले थे। पत्रकारों द्वारा बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने सीधे तौर पर कुछ नहीं बोला। उन्होंने कहा कि जब होगा तो आपलोग को पता हो ही जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



