Bihar: बार बालाओं का डांस देखकर पुलिस वर्दी में झूमने वाले दारोगा निलंबित

Summary :

वर्दी में बार बालाओं के साथ झूमने वाले दारोगा पर गिरी गाज

बिहार के सिवान जिले में एक शादी समारोह में बार बालाओं के साथ भोजपुरी गानों पर नाचते हुए वीडियो वायरल होने पर पुलिस विभाग ने एक दारोगा और चालक को निलंबित कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद कार्रवाई की, जिसमें दोनों पर अपने कर्तव्य से अनुपस्थित रहकर नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है।

बिहार के शादी समारोह में आर्केस्ट्रा और उसमें बार बालाओं का डांस कोई नई बात नहीं है। ऐसे में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में बार बालाओं को भोजपुरी गीत पर ठुमके लगाते देखना एक दारोगा को भारी पड़ गया। इसका वीडियो वायरल होने के बाद दारोगा और चालक को निलंबित कर दिया गया है।

दरअसल, सिवान जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वायरल वीडियो सिवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र का है। इस वीडियो में बार बालाएं भोजपुरी गानों पर नाच रही हैं। इस कार्यक्रम में पुलिस की वर्दी पहने दो कर्मचारी भी मौजूद थे। इनमें से एक दारोगा है और दूसरा 112 नंबर की आपातकालीन सेवा में ड्राइवर है।

वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि एक बार बाला कुर्सी पर बैठे दारोगा के सामने नृत्य कर रही है और दारोगा भी झूम रहे हैं। इन पुलिसकर्मियों पर भोजपुरी गानों पर बार बालाओं के साथ नाचने और नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। वीडियो वायरल होने के बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया है।

सिवान पुलिस द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से दो व्यक्ति, जो पुलिस की वर्दी में थे, का शादी समारोह में शामिल होकर नर्तकी के साथ डांस का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी सदर-दो द्वारा उक्त वायरल वीडियो का जांच एवं सत्यापन किया गया। जांच के क्रम में दोनों व्यक्तियों की पहचान जिरादेई थाना के डायल 112 पर प्रतिनियुक्ति पुलिस अवर निरीक्षक विनोद कुमार एवं चालक रूपेश कुमार सिंह के रूप में की गई।

आरोप है कि ये दोनों आठ मई को अपने कर्तव्य से अनुपस्थित होकर पचरुखी थाना क्षेत्र के नारायणपुर में ऑर्केस्ट्रा देखने का कार्य कर रहे थे। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार के किए गए कृत्य एवं अपने कर्तव्य के प्रति बरती गई लापरवाही एवं वरिष्ठ पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया तथा चालक रूपेश कुमार सिंह को प्रतिकूल टिप्पणी के साथ ईआरएसएस, पटना वापस भेज दिया गया।

गोपालगंज में अवैध गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.