Sandeep Dixit ने सीजफायर को लेकर विदेशी ताकत के हस्तक्षेप पर उठाए सवाल

Summary :

विदेशी हस्तक्षेप पर संदीप दीक्षित की कड़ी प्रतिक्रिया

दिल्ली कांग्रेस के नेता संदीप दीक्षित ने भारत-पाकिस्तान सीजफायर का स्वागत करते हुए विदेशी ताकतों के हस्तक्षेप पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शांति की स्थापना स्वागत योग्य है, लेकिन यह कैसे हुआ, इस पर सवाल है। उन्होंने आगे की बातचीत और अमेरिका की भूमिका पर भी चिंतन किया।

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को सीजफायर की घोषणा का दिल्ली कांग्रेस के दिग्गज नेता संदीप दीक्षित ने स्वागत किया। उन्होंने विदेशी ताकतों के हस्तक्षेप पर सवाल उठाए।

दिल्ली कांग्रेस के नेता संदीप दीक्षित ने कहा, “कहीं भी शांति की स्थापना हो, तो उसका स्वागत करना चाहिए। लेकिन यह किस तरीके से हुआ, इस पर सवाल खड़ा होता है। सरकार बार-बार कह रही थी कि पाकिस्तान अगर कुछ हमला करता है तो हम जवाबी कार्रवाई करेंगे और उस पर पाकिस्तान मानेगा तो सीजफायर हो सकता है। किसी विदेशी ताकत के हस्तक्षेप से यह हो, यह बात मुझे ठीक नहीं लगी।”

उन्होंने कहा, “जरूरी बात यह है कि हम आगे क्या कदम उठाने वाले हैं। सुना है कि आगे फिर दोनों देशों के लोगों की आपस में बात होगी। क्या अमेरिका की तरफ कोई और भी पहल होने वाली है? पाकिस्तान पर दबाव डालने की कोशिश होगी, जिससे कि वह अपनी हरकत बंद करे।”

“हमने पाकिस्तान के साथ अपने संबंध हमेशा बेहतर चाहें हैं, लेकिन पाकिस्तान ने हमें दुश्मन की तरह देखा है। अगर शांति करनी है और साथ-साथ रहना है तो उसे आतंकी गतिविधियां रोकनी होंगी। अगर सीजफायर से कोई सकारात्मक बात निकलती है तो वह यह है कि आतंकवाद के खात्मे की शुरुआत हुई है।”

उल्लेखनीय है कि पूर्ण युद्ध की तरफ बढ़ रहे भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम सीजफायर का ऐलान हुआ था, लेकिन कुछ ही घंटे में पाकिस्तान ने इसका उल्लंघन कर जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में फिर ड्रोन हमले किए।

इससे पहले विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा था कि दोनों देशों के बीच शाम पांच बजे से युद्ध विराम लागू हो गया है।

विक्रम मिस्री ने कहा कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने शनिवार दोपहर फोन पर बात की थी। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी शर्तों पर सीजफायर किया है और 12 मई को दोनों देशों के डीजीएमओ फिर से बात करेंगे।

युद्धविराम पर Nishikant Dubey बोले, ‘मुझे मोदी जी पर भरोसा है कि यह लड़ाई आखिरी होगी’

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.