राजनीतिक दल मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर तमाम हथकंडे तो अपनाते ही हैं, लेकिन कोई आम नागरिक अपनी बेटी की शादी के कार्ड पर आगंतुकों से वधू को आशीर्वाद देने के नाम पर देशहित में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए वोट मांगे, तो इसे आप क्या कहेंगे!
बिहार के सीवान जिले के रहने वाले अशोक सिंह ने अपनी बेटी की शादी के कार्ड पर लिखकर आगंतुकों से भाजपा को वोट करने की अपील की है। सीवान के सिसवा कलां गांव के रहनेवाले सिंह की बेटी सलोनी की शादी 12 मार्च को होने वाली है। सलोनी की शादी के लिए छपवाए गए निमंत्रण कार्ड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वोट देने की अपील की गई है। निमंत्रण कार्ड के ऊपर लिखा गया है, “बिटिया को आशीर्वाद स्वरूप 2019 के लोकसभा चुनाव में वोट देशहित में नरेंद्र मोदी के पक्ष में करें।’
यह पूछे जाने पर कि ऐसा करने के लिए क्या पार्टी का दवाब था? अशोक सिंह ने किसी राजनीतिक दल से संबंध होने से इनकार करते हुए कहा, “हमलोग गांव में रहते हैं और कई राजनीतिक दलों की सरकार देखी है। गांव का जितना विकास पिछले पांच साल में हुआ है, वैसा कभी नहीं दिखा।”
उन्होंने आगे कहा, “हम देशहित में अपनी बेटी की शादी में शामिल होने वाले लोगों से कोई उपहार न देकर 2019 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का आग्रह करते हुए आशीर्वाद चाहते हैं, ताकि देश का विकास हो सके और देश आगे बढ़ सके।”


Download Android App
Download iOS App




