बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। मौजूदा सरकार में सहयोगी भाजपा और जदयू में नीतीश कुमार के चेहरे पर चुनाव लड़ने को लेकर सहमति बन गई है। हाल ही में भागलपुर की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की थी। कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने राज्य में भाजपा की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा है कि वह जदयू के बिना जीत हासिल नहीं कर सकती। तारिक अनवर ने कहा, “नीतीश कुमार के चेहरे पर चुनाव लड़ना भाजपा की मजबूरी है। भाजपा बिना नीतीश कुमार के सहारे के चुनाव नहीं जीत सकती। पिछली विधानसभा चुनावों के परिणाम आपके सामने हैं।”
महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी द्वारा मुगल शासक ‘औरंगजेब’ की तारीफ करने पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा, “जख्म को कुरेदना अच्छी बात नहीं है। अंग्रेजों ने 200 साल तक हम पर राज किया। लेकिन, भाजपा कभी नहीं कहती है कि अंग्रेजों से बदला लेना चाहिए। दूसरी ओर, इस पर बेवजह की बहस हो रही है। चंगेज और उसके परिवार के लोग 400 साल पहले आए थे, और उनके कार्यों का पूरा विवरण इतिहास के पन्नों में दर्ज है, जिसमें सभी की भूमिका भी शामिल है।”
इलाहाबाद हाई कोर्ट के संभल मस्जिद को विवादित ढांचा स्वीकार करने पर कांग्रेस नेता ने कहा, “मेरी राय यह है कि साल 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के दौरान जब नरसिम्हा राव पीएम थे, तब संसद से एक कानून पास हुआ था। उसमें कहा गया था कि भविष्य में जो भी धार्मिक स्थल होंगे, उन पर उस धर्म के लोगों को वर्चस्व होगा। अफसोस की बात है कि कानून बनने के बावजूद, जिसमें स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि 1947 के बाद जितने भी धार्मिक स्थल हैं, वह उन धर्म के लोगों के अधिकार में होगा, कोर्ट की कोई टिप्पणी आती है तो भ्रम की स्थिति पैदा होती है।”


Download Android App
Download iOS App



