Chirag Paswan Nomination: पूर्व केंद्रीय मंत्री और सारण से भाजपा प्रत्याशी राजीव प्रताप रूडी तथा हाजीपुर से लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशी चिराग पासवान ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन पत्र भरने के पहले दोनों नेताओं ने पूजा-अर्चना की। सारण लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राजीव प्रताप रूडी के नामांकन पत्र दाखिल करने के समय उनके साथ उनकी पत्नी और दोनों बेटी मौजूद थी। रूडी नामांकन पत्र भरने के पहले शिवालय गए और भगवान महादेव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद एक रोड शो में शामिल हुए।
Highlights:
- चिराग पासवान ने हाजीपुर और राजीव प्रताप रूडी ने सारण से भरा नामांकन
- नामांकन के बाद राजेंद्र स्टेडियम में जनसभा हुई
- ‘आज पापा (रामविलास पासवान) जी नहीं हैं, जिनकी कमी खल रही है’
नामांकन के बाद राजेंद्र स्टेडियम में जनसभा हुई
पत्रकारों से चर्चा के दौरान रूडी ने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग संविधान बदलने की अफवाह फैलाकर वोट पाना चाह रहे हैं, जो सरासर गलत है। जनता सब जानती है। नामांकन के बाद राजेंद्र स्टेडियम में जनसभा हुई, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। सारण लोकसभा सीट पर पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होने वाला है। राजद ने इस सीट से रोहिणी आचार्य को मैदान में उतारा है। रोहिणी आचार्य अपना नामांकन पहले ही दाखिल कर चुकी हैं। रोहिणी आचार्य पहली बार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही हैं।
‘आज पापा (रामविलास पासवान) जी नहीं हैं, जिनकी कमी खल रही है’
हाजीपुर से लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशी चिराग पासवान ने नामांकन पत्र भरने के पहले रोड शो में हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों का जनसैलाब देखने को मिला। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आज पापा (रामविलास पासवान) जी नहीं हैं, जिनकी कमी खल रही है। उनके कर्मक्षेत्र को अब अपना कर्मक्षेत्र बना रहा हूं, आशा है लोगों का आशीर्वाद मिलेगा। चिराग पासवान के नामांकन के दौरान केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा सहित एनडीए के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। इससे पहले चिराग अपनी मां का आशीर्वाद लेकर घर से नामांकन करने के लिए रवाना हुए। हाजीपुर में भी पांचवें चरण के तहत मतदान होना है। राजद ने यहां से शिवचंद्र राम को प्रत्याशी बनाया है।


Download Android App
Download iOS App



