लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान ने आज राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के प्रमुख तथा केन्द्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि दो नावों की सवारी कर रहे कुशवाहा के रुख से साफ लगता है कि वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में खुद रहना नहीं चाहते हैं।
चिराग पासवान ने यहां कहा कि कुशवाहा दबाव की राजनीति कर रहे हैं। दो नावों की सवारी उनके लिए भी ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि राजग में रहते हुए कुशवाहा ऐसा बयान दे रहे हैं जो राजग के लिए ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ उनके बयानों के कारण विपक्षी दलों को राजग पर हमला करने का मौका मिल रहा है जिसे किसी भी स्थिति में सही नहीं कहा जा सकता है।
एलजेपी नेता चिराग पासवान ने कहा, लोकसभा चुनाव के लिए ‘जल्द स्थिति हो साफ’
चिराग पासवान ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे या अन्य किसी भी विषय पर राजग में अंदर बातचीत कर हल निकाला जाना चाहिए। दबाव बनाने के लिए राजग के हितों को नुकसान पहुंचाना सही नहीं है। चिराग पासवान ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर कुशवाहा ने 30 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया है, वह भी गलत है। किसी तरह का कोई डेडलाइन नहीं दिया जाना चाहिए।
चिराग पासवान ने कहा कि कुशवाहा को तय कर लेना चाहिए कि वह राजग में रहेंगे या राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन में। उन्होंने कहा कि वैसे कुशवाहा के बयानों और उनके रुख को देखकर लग रहा है कि वह खुद राजग में नहीं रहना चाहते हैं।