पटना , (पंजाब केसरी): पटना महानगर जिला कांग्रेस कमिटी एवं पटना जिला ग्रामीण जिला कांग्रेस कमिटी के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में ई.डी., जी.एस.टी, महंगाई के खिलाफ एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना कार्यक्रम को प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से मीडिया विभाग के चेयरमेन राजेश राठौड़ ने सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को बार-बार सम्मन देकर ई.डी. कार्यालय पर पूछताछ के लिए बुलाया जाना बेहद ही शर्मनाक है। उन्होंने ई.डी को केन्द्र सरकार की कठपुतली बताते हुए कहा कि सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड के मामले पर मानसिक रूप से परेशान करने की साजिश रची जा रही है, जिसे हम कांग्रेसजन मिलकर सफल नहीं होने देंगे।
इस अवसर पर पटना महानगर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष शशि रंजन ने कहा कि भारत में पहली बार आजादी के बाद खाद्य सामग्री पर जी.एस.टी. (गब्बर सिंह टैक्स) लगाया गया जो जन विरोधी है। जी.एस.टी. एवं महंगाई से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी पर ई.डी. की कारवाई की जा रही है जो सरासर गलत है। पटना ग्रामीण जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डा0 आशुतोष शर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का अपने व्यक्तिगत राजनीति के लिए इस्तेमाल कर रही है जो घोर निन्दनीय एवं चिन्ताजनक विषय है। भारत की आजादी के बाद ऐसा पहली बार हो रहा है कि सरकार व्यक्तिगत द्वेष से विपक्षी नेताओं को संवैधानिक संस्थाओं के माध्ययम से परेशान कर रही है।
धरना कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमेन राजेश राठौड़, पटना महानगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि रंजन, पटना ग्रामीण जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डा. आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक डा. अजय कुमार सिंह, सुधा मिश्रा, मिन्नत रहमानी, अमरेन्द्र सिंह, जावेद इकवाल, मृणाल अनामय, निधि पाण्डेय, सुदय शर्मा, उदय शंकर पटेल, सत्येन्द्र पासवान, विकास वर्मा, पवन केसरी, विमल सिंह एवं श्याम बाबू सिंह के अलावे कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



