दरभंगा में राहुल गांधी के कार्यक्रम पर अनुमति विवाद, FIR दर्ज

Summary :

छात्रावास में सभा को लेकर राहुल गांधी पर केस

राहुल गांधी की दरभंगा यात्रा के दौरान बिना अनुमति के छात्रावास में कार्यक्रम करने पर जिला प्रशासन ने प्राथमिकी दर्ज की है। राहुल गांधी सहित 20 लोगों को नामजद और 100 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। कार्यक्रम के लिए नगर भवन की अनुमति थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने छात्रावास में सभा की।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी गुरुवार को अपनी बिहार की एकदिवसीय यात्रा के बाद दिल्ली वापस लौट गए। उन्होंने दरभंगा के एक छात्रावास में शिक्षा न्याय संवाद के दौरान छात्रों को संबोधित किया और पटना के एक सिनेमा हॉल में फिल्म देखी। हालांकि, छात्रावास में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली थी। जिला प्रशासन ने अब बिना अनुमति के छात्रावास में कार्यक्रम करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। दरभंगा के एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें राहुल गांधी सहित 20 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है और 100 अज्ञात लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के छात्र संवाद के लिए नगर भवन मांगा गया था, जिसकी अनुमति भी दे दी गई थी, लेकिन कांग्रेस के नेताओं द्वारा नगर भवन ना जाकर, जिसकी अनुमति नहीं दी गई थी, उस छात्रावास के प्रांगण में जाकर सभा की गई, जिसमें बीएनएस की धारा-163 निषेधाज्ञा लागू की गई थी। जिसका वहां पर उल्लंघन हुआ है। इस उल्लंघन के आलोक में वहां पर तैनात मजिस्ट्रेट द्वारा एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

बिना इजाजत दरभंगा के अंबेडकर छात्रावास पहुंचे राहुल गांधी, बोले कोई शक्ति उन्हे रोक नहीं सकती

उन्होंने आगे बताया कि दूसरी प्राथमिकी जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा दर्ज कराई गई है, जिसमें कल्याण छात्रावास में बिना अनुमति के सभा करने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने बताया कि दर्ज प्राथमिकी में 20 लोगों को नामजद और 100 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। जिन्हें आरोपी बनाया गया है, उनमें सांसद राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के अध्यक्ष, स्थानीय विधायक, विधान पार्षद भी शामिल हैं।

एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि बुधवार को कांग्रेस के कई लोगों को बता दिया गया था कि कार्यक्रम के लिए नगर भवन में अनुमति दी गई है, लेकिन पता नहीं वे किस कारणवश छात्रावास जाना चाह रहे थे। छात्रावास पूरी तरह प्रतिबंधित था। इसकी जानकारी सांसद राहुल गांधी को भी दरभंगा आने पर दे दी गई थी। कई बार उनसे आग्रह भी किया गया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.