Lalu Yadav और Chirag Paswan के इफ्तार में पहुंचे Governor आरिफ मोहम्मद खान

Summary :

लालू यादव और चिराग पासवान के इफ्तार में पहुंचे कई बड़े नेता

बिहार में राजनीतिक दलों की तरफ से दावत-ए-इफ्तार का आयोजन जारी है। इसी बीच राजद के अध्यक्ष लालू यादव और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया, जिसमें राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान सहित सैकड़ों रोजेदार पहुंचे।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा पार्टी के प्रदेश कार्यालय में रमजान के पाक महीने में आयोजित दावत-ए-इफ्तार में प्रदेश के कोने-कोने से सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समाज के रोजेदारों ने शिरकत की।

Bihar: मोतिहारी पुलिस का एक्शन, 72 घंटे में 969 अपराधी, शराब तस्कर गिरफ्तार

इस दावत-ए-इफ्तार के मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पार्टी के सांसद अरुण भारती, हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन, मंत्री मंगल पांडेय, विजय कुमार चौधरी, शीला मंडल, महेश्वर हजारी, लेसी सिंह, अशोक चौधरी ने हिस्सा लिया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने चादर और टोपी पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया।

राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव की ओर से दावत-ए-इफ्तार पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी के सरकारी आवास पर किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में रोजेदारों और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के साथ गणमान्य लोगों और महागठबंधन के सभी दलों के नेताओं ने शिरकत की। सभी मेहमानों का लालू यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और अब्दुल बारी सिद्दीकी ने स्वागत किया।

रोजेदारों के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी, जिसमें नमाज पढ़ने की भी सुविधा थी। मौलाना हसीब एकरामुल हक ने नमाज अदा कराई। नमाज के पहले रोजे और रमजान की अहमियत को भी बताया गया और सामूहिक दुआ की गई। लालू यादव और तेजस्वी यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन साझी विरासत को मजबूती प्रदान करते हैं। इस मौके पर देश की तरक्की और लोगों में भाईचारा और मोहब्बत बनी रहे, इसके लिए दुआ की गई। दावत-ए-इफ्तार में शामिल हुए अतिथियों का गुलदस्ता, टोपी एवं साफा भेंटकर इस्तकबाल किया गया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.