भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव और सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के बीच बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिला प्रशासन और पटना नगर निगम ने मिलकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे शहर में 3,000 से ज्यादा CCTV कैमरों के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा रही है। शहर के प्रमुख स्थानों, अस्पतालों और चौक-चौराहों को हाईटेक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा गया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत 400 किलोमीटर लंबा ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क तैयार किया गया है, जिससे सभी कैमरे जुड़े हुए हैं। पावर बैकअप की व्यवस्था भी की गई है ताकि बिजली कटने की स्थिति में भी निगरानी जारी रहे। नगर निगम कमिश्नर अनिमेष परासर ने बताया कि पूरे निगरानी सिस्टम में AI तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे ट्रैफिक नियंत्रण और अपराध पर नजर रखना अधिक प्रभावी हो गया है।
CCTV से पुलिस और थानों को भी जोड़ा गया
नगर निगम के वी-विन सेंटर और स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर से जुड़ी इस निगरानी प्रणाली में थानों और SSP ऑफिस को भी एक्सेस दिया गया है। डाकबंगला, बोरिंग रोड और दीघा गोलंबर जैसे संवेदनशील इलाकों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया गया है। इसके जरिए 69 लोकेशनों पर अलार्म और सूचना प्रसारित की जा सकती है। हाल ही में हुई मॉक ड्रिल की निगरानी भी इसी सेंटर से हुई थी।
AI से ट्रैफिक और क्राइम पर नजर
कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम का उपयोग न सिर्फ निगरानी के लिए बल्कि ट्रैफिक कंट्रोल और अपराध रोकने में भी हो रहा है। कमिश्नर परासर ने बताया कि AI की मदद से संदिग्ध गतिविधियों को जल्दी पहचानने और रियल टाइम अलर्ट देने की क्षमता बढ़ी है। यह सिस्टम शहर की सुरक्षा व्यवस्था को स्मार्ट और रेस्पॉन्सिव बना रहा है।


Download Android App
Download iOS App



