‘मैं 243 सीटों पर लड़ूंगा…’, चिराग पासवान ने बिहार में फूंका चुनावी बिगुल

Summary :

चिराग पासवान ने बिहार में भरी चुनावी हुंकार

आरा में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने साफ किया कि वे बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. चिराग ने कहा कि जनता अक्सर उनसे पूछती है कि क्या वे विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, जिसका उनका जवाब हमेशा हां होता है.

Bihar Assembly Elections:बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों के बीच हलचल तेज हो गई है. इस बीच चुनाव को लेकर सांसद और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के नेता चिराग पासवान ने महत्वपूर्ण घोषणा की है. आरा में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने साफ किया कि वे बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. चिराग ने कहा कि जनता अक्सर उनसे पूछती है कि क्या वे विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, जिसका उनका जवाब हमेशा हां होता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी पूरी तैयारी के साथ सभी सीटों पर चुनावी मुकाबला करेगी.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चिराग पासवान ने कहा कि उनका मकसद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को बिहार में और मजबूत बनाना है. इसके लिए वे बिहार के 243 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ेंगे. उनका यह स्पष्ट संदेश था कि वे न केवल बिहार से, बल्कि बिहार के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं. उन्होंने जनता से अपील की कि वे ही तय करें कि उन्हें किस सीट से चुनाव लड़ना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि उनका पार्टी संसदीय बोर्ड ही अंतिम फैसला करेगा.

RJD और कांग्रेस पर साधा निशाना

इस दौरान अपने भाषण में चिराग ने महागठबंधन की प्रमुख पार्टियों, खासकर आरजेडी और कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि बिहार में ‘जंगल राज’ के लिए केवल आरजेडी जिम्मेदार नहीं है, बल्कि कांग्रेस भी बराबर की हिस्सेदार है. उन्होंने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने का उदाहरण देते हुए बताया कि यह सम्मान हमारी सरकार ने ही दिया था. कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती से ठीक पहले यह घोषणा की गई थी.

राहुल गांधी पर कटाक्ष

चिराग पासवान ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों की भी कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं की आदत है कि चुनाव में हार होने पर वे दोष किसी और पर मढ़ते हैं, जबकि असली समस्या कांग्रेस पार्टी के अंदर होती है.

चिराग ने कहा कि राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव में हार मान ली है और अब वे चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर बहाने बना रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि जैसे बिहार में, वैसे ही असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा.

chirag  paswan

मुख्यमंत्री पद पर दावेदारी से इनकार

चिराग पासवान ने साफ किया है कि वे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव लड़ना संभव है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने या न लड़ने का फैसला उनकी पार्टी के संसदीय बोर्ड करेगा. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि वे चुनाव लड़ते भी हैं तो यह कोई असाधारण बात नहीं होगी. उनका मानना है कि उनकी पार्टी का बेहतर प्रदर्शन एनडीए को लाभ पहुंचाएगा.

‘गलत आदमी को टिकट दूं तो वोट मत देना’, प्रशांत किशोर का बड़ा बयान

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।