‘गलत आदमी को टिकट दूं तो वोट मत देना’, प्रशांत किशोर का बड़ा बयान

Summary :

बिहार चुनाव में गलत उम्मीदवार को वोट न देने की अपील

प्रशांत किशोर ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी जन सुराज के उम्मीदवारों को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी किसी गलत व्यक्ति को टिकट देती है, तो जनता को उसे वोट नहीं देना चाहिए। उनका मानना है कि बिहार में सुधार तभी होगा जब सही लोग विधानसभा में चुनकर आएंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा है कि अगर उनकी पार्टी किसी गलत आदमी को टिकट देती है तो उसे वोट मत करना। बिहार में बदलाव चाहिए, इसलिए विपक्षी दल का उम्मीदवार हमसे बेहतर है तो उसे जीताना। हमारी पार्टी बिहार की 243 सीट नहीं जीत सकती है।

दरअसल, बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहार में बदलाव के लिए बदलाव यात्रा निकाल रहे हैं। वह रविवार को बेगूसराय पहुंचेंगे, जहां जन अदालत लगाएंगे। बेगूसराय दौरे के दौरान प्रशांत किशोर बीहट मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक करेंगे। लोगों के साथ वह आगामी चुनाव और पार्टी की रणनीतियों को लेकर रूबरू होंगे।

बेगूसराय दौरे से पहले जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया गया है। इस पोस्ट में प्रशांत किशोर ने लोगों से अपील की है कि अगर उनकी पार्टी की ओर से बिहार विधानसभा चुनाव में किसी गलत आदमी को टिकट दे दिया जाता है और जनता को लगता है कि वोट नहीं देना चाहिए, तो वोट न दें। प्रशांत किशोर ने कहा कि यह हमारी पार्टी है जो कह रही है कि अगर किसी गलत आदमी को टिकट दे दिया जाता है, तो वोट नहीं देना। क्योंकि, हम बिहार को सुधारना चाहते हैं। इसीलिए, लोगों को ऐसे उम्मीदवारों का चयन करना है जो अच्छे हों। हम खुद उसके समर्थन में वोट करने की अपील करेंगे।

प्रशांत किशोर ने कहा कि हम किसी के विरोधी नहीं हैं, हम बिहार में सुधार चाहते हैं। बिहार में सुधार तब होगा जब अच्छे लोग चुनकर विधानसभा पहुंचेंगे, चाहे वह किसी भी दल का हो। प्रशांत किशोर ने इस बात पर भी जोर दिया है कि हम बिहार की 243 सीट नहीं जीतेंगे। यह सच है और हम ऐसा मानते हैं। लेकिन, बिहार की जनता को यह समझना होगा कि अगर आप भू-माफिया, शराब माफिया को वोट देंगे, तो वह आपके बच्चों की पढ़ाई और रोजगार की बात नहीं करेगा। जन सुराज एक ऐसा मंच है, जहां हम कह रहे हैं कि अगर किसी गलत व्यक्ति को टिकट दे दिया जाता है, तो उसे किसी भी कीमत पर वोट मत दीजिए। जन सुराज जीते या न जीते, बिहार जीतना चाहिए।

मनीष कश्यप ने BJP से दिया इस्तीफा, बोले- हमसे गलती हो गई

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.