बिहार के गोपालगंज में एक ऑनर किलिंग की घटना सामने आई है, जहां माता-पिता ने अपनी बेटी आंचल कुमारी की हत्या कर शव को बालू में दफनाया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने समाज में ऑनर किलिंग की गंभीरता को उजागर किया है।
बिहार के गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने एक लड़की का शव गंडक नदी के किनारे से बरामद किया। शव बालू में दफनाया गया था। जांच के दौरान पता चला कि मामला ऑनर किलिंग का है।
पुलिस ने मृतका के मां और पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना जादोपुर थाना क्षेत्र के सिहोरवा गांव की है। मृतका की पहचान आंचल कुमारी के रूप में हुई है, जो गांव के रहने वाले लाल बाबू यादव की पुत्री थी। प्रथम दृष्टया यह मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा प्रतीत होने की बात पुलिस बता रही है।
पुलिस का कहना है कि शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने बालू में दफनाया हुआ शव देख जादोपुर थाने की पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस पहुंची तो शव का आधा हिस्सा बालू में था, जबकि आधा हिस्सा बाहर था। पुलिस ने जांच-पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में लिया और उसकी पहचान होने के बाद घरवालों से पूछताछ की।
इस बीच, जादोपुर थाना के स्थानीय चौकीदार के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सिहोरवा निवासी लालबाबू ने अन्य सहयोगी परिवार वालों के साथ मिलकर अपनी पुत्री की हत्या कर शव को ग्राम सिहोरवा स्थित गंडक नदी के किनारे दफना दिया है।
इसके बाद पुलिस ने जब घरवालों से पूछताछ की, तब पुलिस को शक हो गया कि मामला ऑनर किलिंग का हो सकता है। पुलिस पूछताछ के लिए दोनों को हिरासत में लेकर थाने चली गई।
जादोपुर के थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला ने बताया कि मामले में जांच के बाद इसका खुलासा हुआ। मृतका के मां-बाप ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने कहा कि पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है। घटना में अन्य लोगों की सहभागिता पर भी जांच की जा रही है।
बिहार के नालंदा में सनकी पति ने ली पत्नी की जान, खुद भी की आत्महत्या


Download Android App
Download iOS App



