400 ड्रोन और 40 मिसाइल! रूस का यूक्रेन पर अब तक का सबसे ‘शक्तिशाली हमला’

Summary :

रूस ने यूक्रेन पर 400 ड्रोन और 40 मिसाइलें दागी हैं

खार्किव के गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने बताया है कि शहर की एक सिविलियन इंडस्ट्रियल फैसिलिटी पर 40 ड्रोन, एक मिसाइल और चार बम से हमला किया गया।

रूस ने युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन पर अब तक का शक्तिशाली हवाई हमला किया है। शुक्रवार रात रूस ने यूक्रेन के पूर्वी शहर खार्किव में रूसी ड्रोन और मिसाइल से हमला किया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। इनके अलावा 80 लोगों के घायल होने की सूचना भी है।

यूक्रेन के सबसे बड़े शहरों में से एक, खार्किव रूसी सीमा से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जो पिछले करीब तीन साल से लगातार रूसी गोलाबारी का सामना कर रहा है।

शनिवार सुबह टेलीग्राम मैसेंजर पर खार्किव के मेयर इहोर तेरेखोव ने कहा, “खार्किव में युद्ध की शुरुआत के बाद से अब तक का सबसे शक्तिशाली हमला हुआ है।” इसके साथ ही इहोर ने बताया शहर में रातभर दर्जनों विस्फोट सुने गए हैं। रूसी सैनिक मिसाइल और ड्रोन से हमला कर रहे थे।

तेरेखोव ने बताया कि इस हमले में बहुमंजिला और निजी आवासीय इमारतों, एजुकेशनल और इंफ्रास्ट्रक्चर फैसिलिटी पर हमला किया गया।

स्थानीय अधिकारियों और रॉयटर्स ने हमले के बाद की तस्वीरें ली हैं, जिसमें जले हुए और आंशिक रूप से तबाह हुए घर और गाड़ियां दिखाई दे रही हैं। इन तस्वीरों में बचाव दल घायलों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के साथ मलबा हटाता नजर आ रहा है।

खार्किव के गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने बताया है कि शहर की एक सिविलियन इंडस्ट्रियल फैसिलिटी पर 40 ड्रोन, एक मिसाइल और चार बम से हमला किया गया। इससे यहां आग लग गई। यहां अभी भी मलबे के नीचे लोग हो सकते हैं।

यूक्रेनी सेना ने बताया कि यहां 10 स्थानों पर हमला किया गया है। सेना के मुताबिक रूस ने रात भर यूक्रेन पर 206 ड्रोन, 2 बैलिस्टिक और सात अन्य मिसाइलें दागीं। एयर डिफेंस यूनिट ने 87 ड्रोन को मार गिराया, जबकि अन्य 80 ड्रोन का पता नहीं चला।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आज (शुक्रवार को) पूरे दिन हमारे देश के विभिन्न क्षेत्रों और शहरों में बचाव और आपातकालीन अभियान जारी रहे। रूसियों ने 400 से ज्यादा ड्रोन और 40 से अधिक मिसाइल दागीं। 80 लोग घायल हुए और कुछ अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं। दुर्भाग्य से, दुनिया में हर कोई ऐसे हमलों की निंदा नहीं करता। पुतिन इसी का फायदा उठाते हैं। रूस लगातार दुनिया की एकता में दरार डालने की कोशिश कर रहा है।”

भारत-ब्रिटेन संबंधों को लेकर भविष्य की दिशा तय, पहलगाम हमले की ब्रिटेन द्वारा कड़ी निंदा

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.