आयकर विभाग बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद अहमद अशफाक करीम से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर रहा है। आज सुबह से शुरू हुए इस तलाशी अभियान में सांसद से जुड़े दो दर्जन से अधिक परिसर शामिल हैं। सूत्रों ने एएनआई को बताया कि अल-करीम एजुकेशनल ट्रस्ट, पटना, अल-करीम यूनिवर्सिटी कटिहार और कटिहार मेडिकल कॉलेज में तलाशी चल रही है। करीम वर्तमान में राजद के सदस्य हैं और मार्च 2018 में हुए द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव के लिए उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार नामित किया गया था।
नौकरी के बदले जमीन घोटाले से जुड़ा है पूरा मामला
पिछले साल अहमद अशफाक करीम पर नौकरी के बदले जमीन घोटाले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने छापा मारा था। सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग के पास करीम के स्वामित्व वाले कॉलेजों द्वारा कथित कर चोरी की विश्वसनीय जानकारी है। सूत्रों ने कहा कि आईटी अधिकारियों के पास कॉलेज द्वारा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के बदले कथित तौर पर नकद में लिए गए दान के बारे में भी जानकारी है।
रिश्वत लेते पकड़े गए
कुछ अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी छापेमारी चल रही है और आईटी विभाग को एमबीबीएस, बीडीएस और पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश में कथित गड़बड़ी मिली है। सूत्रों ने बताया कि कॉलेज कथित तौर पर कैपिटेशन फीस के नाम पर नकद लेते पाए गए।


Download Android App
Download iOS App



