बिहार के भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बुधवार की रात सोते समय राज्य में सत्तारूढ जनता दल (युनाइटेड) के एक सक्रिय कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि लौहर श्रीपाल गांव निवासी धर्मपाल राम उर्फ भूतनाथ राम बुधवार की रात अपने घर में चारपाई पर सो रहे थे।
इसी दौरान हथियार बंद अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस हालांकि अब तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं कर सकी है।इधर, इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग लौहार श्रीपाल गांव के समीप जामकर दिया। लोग अपराधियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा की मांग कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी जामस्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं।पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



