बिहार में लालू राज कभी नहीं लौटेगा, जनता जागरूक है: नेता गिरिराज सिंह

Summary :

गिरिराज सिंह का बयान, ‘लालू राज’ की वापसी असंभव

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने राजद नेता तेजस्वी यादव के 2025 में महागठबंधन की सरकार बनने के दावे को लेकर पलटवार करते हुए कहा कि बिहार में अब कभी ‘लालू राज’ नहीं आने वाला है, जनता सचेत है। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने तेजस्वी यादव के सरकार बनाने के दावे पर कहा, “अपने मन से पुआ पकाने से तेजस्वी यादव को कौन रोकेगा। अपने मन से सरकार बनाना हो तो बना लें। सरकार बनाएगी जनता और जनता को मालूम है कि राज्य में बिहार में फिर से ‘लालू राज’ नहीं आने वाला है। जनता सचेत है।

बिहार भाजपा के गुटों में बंटे होने को नकारते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में सिर्फ एक ही गुट है, वह है भारतीय जनता पार्टी। भाजपा एक है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ को लेकर विपक्ष द्वारा सवाल उठाए जाने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “जिसको जो लग रहा है, वह बोल रहे हैं, जैसी जिसकी भावना है, वैसे बोल रहे हैं। सनातन को गाली देना उचित नहीं है।”

उल्लेखनीय है कि विपक्षी दलों के नेताओं के महाकुंभ के विरोध में दिए जा रहे बयान को लेकर बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा शुक्रवार को पटना के शिव-पार्वती, हनुमान मंदिर में ऐसे नेताओं की सद्बुद्धि की कामना के साथ बुद्धि शुद्धिकरण यज्ञ किया गया था। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हवन, यज्ञ कर महाकुंभ के विरोध में बयान देने वाले राजद अध्यक्ष लालू यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को सद्बुद्धि देने की कामना की थी।

वक्ताओं ने कहा कि लालू यादव, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी के महाकुंभ को लेकर दिए गए बयान लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले हैं। महाकुंभ पर सवाल उठाकर ये लोग क्या जाहिर करना चाहते हैं। सही अर्थों में तुष्टिकरण की राजनीति में उनकी बुद्धि खराब हो गई है। इसलिए वे इस तरह की बातें कर रहे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.