मांझी की PM मोदी से अपील- बिहारियों को 15 दिन का मौका दे केंद्र, कश्मीर को नहीं सुधार दिया तो कहिएगा

Summary :

कश्‍मीर में आतंकवादियों के इस कत्ले आम पर देशभर के राजनीतिक दल और नेता केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।

कश्‍मीर में बेगुनाह और आम नागरिकों की हत्याओं को लेकर बिहार में लोग गुस्‍से में और गमगीन हैं। आतंकवादियों के इस कत्ले आम पर देशभर के राजनीतिक दल और नेता केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहे हैं और अपने इस गुस्‍से को अभिव्‍यक्ति देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। इस बीच बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव ने 2 मजदूरों की हत्‍या के लिए सरकार की नीतियों को जिम्‍मेदार ठहराते हुए सीएम नीतीश से माफी मांगने की मांग की तो पूर्व मुख्‍यमंत्री जीतन राम मांझी ने केंद्र की मोदी सरकार से कश्‍मीर घाटी में आतंक के खात्मे के लिए अलग तरीका अपनाने की अपील की। 
बिहारियों को 15 दिन का मौका दे केंद्र सरकार : जीतन राम मांझी
जीतन राम मांझी ने कहा कि केंद्र बिहारियों को 15 दिन का मौका दे दे तो कश्मीर को सुधार देंगे। अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक ट्वीट के जरिए मांझी ने बिहारियों को निशाना बनाए जाने पर सरकार को घेरा। उन्‍होंने कहा कि जम्‍मू-कश्‍मीर में बिहारियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उससे अब मन व्‍यथित हो गया गया है। कश्मीर में लगातार हमारे निहत्थे भाइयों की हत्या की जा रही है। अगर हालात में बदलाव नहीं हो पा रहा है तो प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह है कि कश्मीर को सुधारने की जिम्मेदारी हम बिहारियों पर छोड़ दें, 15 दिन में अगर सुधार नहीं दिया तो कहिएगा। 
बिहार के 2 मजदूरों की आतंकियों ने कर दी थी हत्या 
जम्मू-कश्मीर में सेना के एंटी-टेरर ऑपरेशन्स से बौखलाए आतंकी एक के बाद एक गैर-कश्मीरियों को निशाना बनाते जा रहे हैं। गैर-स्थानीय लोगों पर आतंकवादियों ने हमला किया था।  दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने बिहार के रहने वाले 2 मजदूरों की हत्या कर दी थी। इसके अलावा, एक शख्स घायल हो गया था, आतंकियों ने लोगों के घर में घुसकर लोगों की हत्या की थी। मृतकों की पहचान बिहार के निवासी राजा और जोगिंदर के रूप में हुई है।  इसके अलावा, घायल हुए शख्स का नाम चुनचुन देव है। बीते दिन भी आतंकियों ने पुलवामा और श्रीनगर में दो लोगों की गाोली मारकर हत्या कर दी थी। श्रीनगर में बिहार के रहने वाले अरविंद कुमार को निशाना बनाया गया था।  वहीं पुलवामा में यूपी के निवासी सगीर अहमद को भी मार डाला गया था। 

Desk Team