बिहार में मैट्रिक परीक्षा शुरू, 15.85 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल

Summary :

बिहार बोर्ड: 1,677 केंद्रों पर मैट्रिक परीक्षा, कड़ी निगरानी

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। परीक्षार्थियों के लिए पटना समेत सभी जिलों में 1,677 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न करवाने को लेकर मुकम्मल व्यवस्था की गई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के मुताबिक, इस साल मैट्रिक की परीक्षा में 15.85 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिसमें से 7.67 लाख छात्र और 8.18 लाख छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा दो पाली में है। सोमवार को सुबह 9.30 बजे से परीक्षा शुरू हो गई है। पहली पाली में सुबह 9.30 बजे से 12.45 बजे तक और दूसरी पाली दो बजे से 5.15 बजे तक होगी। पहले दिन मातृभाषा की परीक्षा ली जा रही है।

बिहार बोर्ड की ओर से परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए कई तरह के दिशा-निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर 25 परीक्षार्थियों के लिए एक पर्यवेक्षक की व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है। सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है। इस परीक्षा के लिए 10 सेटों में प्रश्न पत्र तैयार किया गया है। समिति द्वारा परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर लेने के निर्देश दिए गए थे।

मैट्रिक परीक्षा के लिए सभी विद्यार्थियों को बीएसईबी यूनिक आईडी जारी किया गया है। परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। पटना जिले में 71,669 परीक्षार्थी मैट्रिक परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए 73 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां भी लड़कों से अधिक लड़कियों की संख्या है। परीक्षा के लिए सभी जिलों में चार मॉडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.