पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मिनी बस खड़ी बस से टकराई, चार लोगों की मौत और 19 घायल

Summary :

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मिनी बस की टक्कर, चार की मौत, 19 घायल

बाराबंकी जिले में रविवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर महाराष्ट्र से आ रही तेज रफ्तार मिनी बस (टेम्पो ट्रैवलर) ने सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और एक व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, इस हादसे में 19 यात्री घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

लोनीकटरा थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव के पास छत्तीसगढ़ से अयोध्या जा रही एक बस खराबी के कारण सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान महाराष्ट्र से आ रही तेज रफ्तार मिनी बस ने बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद राहगीरों की सूचना पर लोनीकटरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकाला। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिनेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। हादसे के बाद पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी लखनऊ के गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जबकि कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

हादसे में महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के दीपक, सुनील और महिला अनसूईया समेत चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि शवों को बाहर निकालने में घंटों लग गए।

जानकारी के अनुसार, मिनी बस में 23 लोग सवार थे, जो महाकुंभ में स्नान कर अयोध्या जा रहे थे। हादसे के बाद कई यात्री सदमे में हैं और उनके परिजन अस्पताल में उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।

पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दुखद हादसा हुआ है। छत्तीसगढ़ से एक बस अयोध्या जा रही थी, जो खराब हो गई थी और उसे सड़क किनारे खड़ा करके ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान महाराष्ट्र से अयोध्या जा रही एक मिनी बस पीछे से उसमें टकरा गई। हादसे में मिनी बस में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मिनी बस को सड़क से हटवा दिया गया है और दूसरे वाहनों से यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजा गया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.