बिहार के पटना साहिब से सांसद और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के असंतुष्ट नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने शुक्रवार को बीजेपी छोड़ने के सीधे संकेत दिए हैं। पिछले काफी दिनों से पार्टी से नाराज चल रहे सिन्हा ने पार्टी छोड़ने का इशारा करते हुए ट्वीट कर अपने खास अंदाज में लिखा, मोहब्बत करने वाले कम न होंगे, (शायद) तेरी महफिल में लेकिन हम न होंगे।
फिल्म अभिनेता और ‘बिहारी बाबू’ के नाम से चर्चित शत्रुघ्न कई मौकों पर ‘पार्टी लाइन’ से हटकर सार्वजनिक रूप से बयान देते रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर इशारा करते हुए एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘सर, राष्ट्र आपका सम्मान करता है, पर नेतृत्व में विश्वसनीयता और विश्वास की कमी है। नेतृत्व जो कर रहा है और कह रहा है, क्या लोग उसपर विश्वास कर रहे हैं? शायद नहीं। खैर, अब काफी देर हो चुकी है।’
उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादे अभी भी पूरे होने बाकी हैं जोकि अब पूरे हो भी नहीं पाएंगे। आशा, इच्छा और प्रार्थना, हालांकि मैं अब आपके साथ नहीं रह सकता। पिछले दिनों सिन्हा ने रांची जाकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद तथा पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से मुलाकात की थी। इससे पूर्व भी कई मौकों पर सिन्हा पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की तारीफ करते रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App




